बेमेतरा : शहरी क्षेत्रों में संचालित महत्वाकांक्षी योजनाओं की समीक्षा…

राज्य शहरी विकास अभिकरण के उप मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं बेमेतरा जिले के नोडल अधिकारी श्री सुनील अग्रहरि ने आज जिला कार्यालय के सभाकक्ष में सभी नगरीय निकायों के अधिकारियों की विभागीय बैठक लेकर शहरी विकास से जुड़े विभिन्न कार्यों एवं योजनाओं की प्रगति का विस्तृत जायजा लिया ।

बैठक में नगरीय निकायों के कार्यों, जनहित से जुड़ी योजनाओं, अधोसंरचना विकास, स्वच्छता, जलप्रदाय, प्रधानमंत्री आवास योजना, अमृत मिशन तथा अन्य शहरी विकास परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी ली गई।

उल्ले।खनीय है कि नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग की सचिव सुश्री आर. शंगीता ने आज प्रदेश के 194 नगरीय निकायों के जिला स्तरीय नोडल अधिकारियों को समीक्षा बैठक लेकर शहरी विकास योजनाओं की निगरानी व स्थल निरीक्षण के निर्देश दिए हैं ।

          बैठक के दौरान श्री अग्रहरि ने निकायों के मुख्य नगर पालिका अधिकारी सहित उप अभियंताओ, लेखापाल, स्वास्थ्य, राजस्व, पेयजल, विद्युत विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों व वार्ड प्रभारियों को योजनाओं का समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप शहरी क्षेत्रों में नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं प्रभावी रूप से उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सभी परियोजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए लंबित कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किया जाए। 

साथ ही स्वच्छता सर्वेक्षण, ओडीएफ, जीएफसी एवं वर्षा ऋतु के दौरान संभावित जलभराव की समस्या को दृष्टिगत रखते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने तथा जलभराव की स्थिति से प्रभावी रूप से निपटने हेतु भी आवश्यक निर्देश प्रदान किए गए।

बैठक में विभाग के विभिन्न योजनाओं एवं परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति, प्रगति तथा आगामी कार्ययोजना की जानकारी प्रस्तुत की। इस दौरान योजनाओं के बेहतर संचालन, कार्यों में तेजी लाने तथा नागरिक सुविधाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने को लेकर भी विस्तार से चर्चा हुई।
        
बैठक में मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री नरेश कुमार वर्मा,श्री टॉमसन रात्रे,श्री सतीश यादव,श्री विनीत सिंह,श्री सचिन गुप्ता,श्री बसंत कुमार लोनहारे,श्री केशराम साहू,श्री आर. एल. सुधाकर,श्री हरीश साहू,श्री श्रवण गाभने सहित राज्य शहरी विकास अभिकरण के वरिष्ठ राज्य परियोजना प्रबंधक श्री केदारनाथ डनसेना,राज्य परियोजना प्रबंधक श्री अविनाश देवांगन, प्रमोद देवांगन सहित अधिकारी कर्मचारी गण उपस्थित थे ।

बैठक के पूर्व सूडा के उप मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं बेमेतरा जिले के नोडल अधिकारी श्री सुनील अग्रहरि व मुख्य नगरपालिका अधिकारी श्री नरेश वर्मा ने बेमेतरा का मार्निग विजिट कर वार्डो में सफाई व्यवस्था का सघन जायजा लिया । इस दौरान पालिका क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में जीवीपी प्वाइंट, जल निकासी व्यवस्था, नाला, निर्माण क्षेत्र, डम्प साइट, एसएलआरएम सेंटर, तालाब, आईईसी गतिविधियों, स्वच्छता व्यवस्था एवं साफ-सफाई कार्यों का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए। निर्माण कार्यों की कड़ी में नालंदा परिसर की प्रगति लगभग 25 प्रतिशत पाए जाने पर असंतोष व्यक्त किया गया तथा कार्य में अपेक्षित प्रगति लाने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। 

श्री अग्रहरि ने नगर पंचायत थानखम्हरिया पहुंचकर वार्ड प्रभारियों के साथ बैठक कर विभिन्न कार्यों की समीक्षा की। साथ ही नगर में संचालित मुक्तिधाम, सड़क निर्माण एवं अन्य विकास कार्यों का औचक निरीक्षण कर संबंधित कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *