सपनों का पक्का आशियाना पाकर आंखों में दिखी खुशी की झलक
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की मंशानुरूप आयोजित सुशासन तिहार के अंतर्गत आयोजित समाधान शिविर आमजनों के जीवन में खुशियों की नई किरण बनकर सामने आ रहे हैं।
कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन द्वारा समाधान शिविरों के माध्यम से पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ तेजी और पारदर्शिता के साथ पहुंचाया जा रहा है।
इसी तारतम्य में मुंगेली विकासखंड के ग्राम चमारी (चि.) में आयोजित समाधान शिविर में ग्राम टिंगीपुर निवासी रामकुमारी को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत उनके नए घर की चाबी प्रदान की गई, जिससे उनका वर्षों पुराना पक्के घर का सपना पूरा हो गया।
वर्षों तक कच्चे मकान में कठिन परिस्थितियों के बीच जीवन बिताने वाली रामकुमारी के लिए वह पल बेहद भावुक और खुशी भरा था, जब समाधान शिविर में उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत नए घर की चाबी सौंपी गई। अपने सपनों का पक्का आशियाना पाकर रामकुमारी की आंखों में खुशी साफ झलक रही थी।
रामकुमारी ने बताया कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवार होने के कारण उनका पक्का मकान नहीं बन पा रहा था। बारिश के दिनों में टपकती छत, गर्मी और ठंड में असुरक्षित जीवन उनके परिवार की सबसे बड़ी चिंता थी। सीमित आय के कारण खुद का पक्का घर बनाना उनके लिए संभव नहीं हो पा रहा था।
सुशासन तिहार अंतर्गत आयोजित समाधान शिविर में उनकी समस्या का समाधान हुआ और प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत उन्हें आवास की चाबी प्रदान की गई।
अपने नए घर की चाबी हाथ में लेते ही रामकुमारी भावुक हो उठीं और शासन एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि अब उनका परिवार सुरक्षित और सम्मानजनक वातावरण में जीवन यापन कर सकेगा। बच्चों को भी बेहतर माहौल मिलेगा और हर मौसम में परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।