मुंगेली : सुशासन तिहार 2026: समाधान शिविर में लोगों को मिल रहा समस्याओं का समाधान…

शासन की प्राथमिकता है कि योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे – विधायक श्री मोहले

04 उप स्वास्थ्य केंद्र भवन निर्माण के लिए 01 करोड़ 14 लाख रूपए की मिली स्वीकृति

20 हितग्राहियों को मिली आवास की चाबी

  छत्तीसगढ़ सरकार की महत्वाकांक्षी पहल सुशासन तिहार-संवाद से संपूर्ण समाधान के तहत जनपद पंचायत मुंगेली के तहत के शासकीय हाई स्कूल मैदान ग्राम चमारी में जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर विभिन्न योजनाओं की जानकारी ली और मौके पर ही समस्याओं के निराकरण का लाभ प्राप्त किया। कार्यक्रम में मुंगेली विधायक श्री पुन्नूलाल मोहले मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत विधायक श्री मोहले द्वारा विभिन्न विभागों के स्टॉलों के निरीक्षण से हुई।

इसके बाद पूजा-अर्चना व दीप प्रज्वलन कर शिविर का शुभारंभ किया गया। शिविर में स्वास्थ्य, कृषि, श्रम, महिला एवं बाल विकास सहित विभिन्न विभागों द्वारा योजनाओं की जानकारी दी गई तथा आमजन की समस्याओं के निराकरण की प्रक्रिया पूरी की गई।

    विधायक श्री मोहले ने शासन की योजनाओं की विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि शासन की प्राथमिकता है कि योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने आमजनों को योजनाओं का लाभ उठाने प्रेरित करते हुए कहा कि खाद्य विभाग के द्वारा राशनकार्डधारकों का ई केवाईसी किया जा रहा है। सभी एक सप्ताह के भीतर ई-केवाईसी करना सुनिश्चित करें, ताकि राशन नियमित रूप से मिले। आवास योजना के तहत पात्र हितग्राहियों को पीएम आवास स्वीकृति किया जा रहा है। इस दौरान उन्होंने जिले के ग्राम पलानसरी निवासी गुरूदयाल को भारतीय वन सेवा परीक्षा में 105वीं रैंक हासिल करने के लिए उनके परिवार को बधाई एवं शुभकामनाएं दी।

          विधायक श्री मोहले ने 01 करोड़ 14 लाख रूपए के 04 उप स्वास्थ्य केन्द्र हेतु भवन निर्माण की स्वीकृति प्रदान की, इनमें उप स्वास्थ्य केन्द्र भालापुर, चकरभाठा, दुल्लापुर और टेढ़ाधौंरा शामिल हैं। इसके साथ ही क्लस्टर के 30 ग्राम पंचायत को विकास कार्य के लिए क्रमशः 06-06 लाख रूपए की स्वीकृति प्रदान की। उन्होंने कहा कि उप स्वास्थ्य केन्द्रों के बन जाने से आसपास के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी।

मुंगेली एसडीएम श्री अजय शतरंज ने बताया कि शिविर में पात्र हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं के तहत लाभ भी वितरित किए गए। 20 हितग्राहियो को आवास की चाबी, 05 स्व सहायता समूहों को चेक, 11 हितग्राहियों को केसीसी के तहत चेक, 10 हितग्राहियों को फलदार पौधा, 15 हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड, वय वंदना कार्ड और आभा कार्ड, 10 हितग्राहियों को अरहर मिनी किट, 07 हितग्राहियों को नोनी सुरक्षा प्रमाण पत्र, 12 हितग्राहियों को श्रम कार्ड, बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 17 बच्चों को सम्मानित किया गया। साथ ही 05 बच्चों को निःशुल्क गणवेश का वितरण किया गया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधिगण, अधिकारी कर्मचारीगण उपस्थित थे।

पथरिया के किरना में शिविर का आयोजन 12 मई को

     सुशासन तिहार अंतर्गत 06 मई को पथरिया विकासखण्ड के ग्राम किरना स्थित स्कूल परिसर में शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर में चन्दखुरी, घुठिया, खैरा, किरना, मोहभट्ठा स., धूमा, दरूवनकापा, मदकू, बासीन, पेण्ड्री स, सांवा, सांवतपुर, नगपुरा, चुनचुनिया, करही, सल्फा, धमनी, ककेड़ी, तोरला, हिन्छापुरी और रामबोड़ के आमजन शामिल होकर शिविर का लाभ उठा सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *