स्वच्छ एवं सुंदर जिले के निर्माण हेतु समन्वित प्रयासों पर जोर
कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2026 विषय पर जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में जिले के विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यशाला में मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन की वर्तमान स्थिति, कचरा पृथक्करण, संग्रहण एवं वैज्ञानिक निपटान की कार्ययोजना के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि ग्राम पंचायत स्तर पर स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करने तथा अपशिष्ट प्रबंधन की प्रभावी प्रणाली विकसित करने के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं।
कार्यशाला के दौरान ग्राम पंचायतों एवं नगरीय निकायों में जन-जागरूकता गतिविधियों को बढ़ावा देने, स्रोत स्तर पर कचरा पृथक्करण सुनिश्चित करने तथा जनभागीदारी के माध्यम से स्वच्छता कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संचालित करने पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों को बताया गया कि ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमों का प्रभावी क्रियान्वयन स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को “ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2026″ के प्रावधानों का गंभीरतापूर्वक पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वच्छ एवं सुंदर जिले के निर्माण के लिए सभी विभागों को समन्वित रूप से कार्य करना होगा तथा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं व्यवस्थित बनाने की दिशा में सतत प्रयास किए जाएं।