पुणे में दर्दनाक हादसा: लिफ्ट में करीब डेढ़ घंटे तक फंसे रहे 7 साल के बच्चे की मौत…

पुणे के सिंहगढ़ रोड इलाके में एक रिहायशी सोसाइटी की लिफ्ट में फंस जाने के बाद सात वर्षीय बच्चे की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान शिवंश शैलेश धुत के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, यह घटना सोमवार रात निम्बाजीनगर स्थित रिद्धि सिद्धि अपार्टमेंट में हुई। शिवंश रात करीब 10 बजे सोसाइटी परिसर में खेल रहा था।

खेलते-खेलते वह इमारत की लिफ्ट में घुस गया और बटन दबा दिया। लिफ्ट चल तो पड़ी, लेकिन दूसरी मंजिल पहुंचने से पहले ही बीच में अटक गई। बच्चा अंदर फंस गया।

जब शिवंश देर तक घर नहीं लौटा तो परिवार और अन्य निवासियों ने उसकी तलाश शुरू कर दी। काफी खोजबीन के बाद संदेह हुआ कि वह लिफ्ट में फंसा हो सकता है। रात करीब 11:30 बजे सिंहगढ़ रोड पुलिस और अग्निशमन विभाग को सूचना दी गई।

दमकल की टीम और पुलिस ने बचाव अभियान चलाकर लिफ्ट खोली। अंदर शिवंश बेहोश हालत में मिला। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस का अनुमान है कि बच्चा लंबे समय तक बंद लिफ्ट में फंसे रहने के कारण दम घुटने से मौत हो गई।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में लिफ्ट में कोई बड़ी तकनीकी खराबी नजर नहीं आई। लिफ्ट के रखरखाव की जिम्मेदारी हाउसिंग सोसाइटी प्रबंधन की बताई जा रही है।

सिंहगढ़ रोड पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज कर लिया है और पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *