– गांव-गांव पहुंचा प्रशासन: हेरकुटुंब शिविर में मौके पर हुआ समस्याओं का निराकरण
– समावेशी विकास पर जोर: सुशासन तिहार शिविर में विद्यार्थियों का सम्मान, हितग्राहियों को मिला लाभ
सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत जनपद पंचायत मोहला के क्लस्टर हेरकुटुंब में 18 मई को जन समस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर का मुख्य विषय समावेशी विकास रखा गया, जिसके माध्यम से शासन की योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने तथा ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने का प्रयास किया गया।
शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित होकर शासन की योजनाओं एवं सुविधाओं का लाभ लेने पहुंचे। क्लस्टर हेरकुटुंब अंतर्गत मरकाटोला, धोबेदंड, कंदाडी, कनेरी, रामगढ़, मोहला, पेंदाकोड़ो, मजियापार, कुल्हारदो, कुंजामटोला, विजयपुर एवं मंडिंगपीडिंग सहित कुल 12 ग्राम पंचायतों के ग्रामीण इस शिविर में शामिल हुए।
शिविर में मांग एवं शिकायत से संबंधित कुल 1209 आवेदन प्राप्त हुए, जिन पर त्वरित निराकरण की कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा आकर्षक स्टॉल लगाकर शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी ग्रामीणों को दी गई। पात्र हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित भी किया गया।
शिविर में स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण एवं आयुष्मान कार्ड से संबंधित जानकारी प्रदान की गई। शिक्षा विभाग द्वारा विद्यार्थियों को शैक्षणिक योजनाओं एवं छात्रवृत्ति संबंधी जानकारी दी गई। राजस्व विभाग द्वारा नामांतरण, सीमांकन एवं अन्य राजस्व प्रकरणों पर मार्गदर्शन दिया गया।
पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग ने ग्रामीण विकास योजनाओं की जानकारी दी, वहीं कृषि विभाग द्वारा किसानों को आधुनिक खेती, उन्नत बीज एवं कृषि योजनाओं के संबंध में जागरूक किया गया। महिला एवं बाल विकास विभाग तथा समाज कल्याण विभाग द्वारा महिलाओं, बच्चों, वरिष्ठ नागरिकों एवं दिव्यांगजनों के लिए संचालित योजनाओं की जानकारी दी गई।
ग्रामीणों की समस्याओं एवं मांगों से संबंधित आवेदन भी शिविर में प्राप्त किए गए। कई मामलों का मौके पर ही निराकरण कर ग्रामीणों को राहत प्रदान की गई। इससे ग्रामीणों में शासन एवं प्रशासन के प्रति विश्वास और उत्साह देखने को मिला। ग्रामीणों ने कहा कि सुशासन तिहार के माध्यम से पहली बार गांव स्तर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी एक साथ पहुंचकर समस्याओं को गंभीरता से सुन रहे हैं और समाधान कर रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का सम्मान कर उन्हें प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। विद्यार्थियों को शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ने तथा अपने गांव और जिले का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया गया।
शिविर में उपस्थित जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नम्रता सिंह ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि सुशासन तिहार शासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा है कि प्रत्येक जरूरतमंद व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचे और कोई भी पात्र हितग्राही वंचित न रहे। उन्होंने ग्रामीणों से शासन की योजनाओं की जानकारी लेकर उनका अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।
उन्होंने कहा कि राज्य शासन द्वारा गांव-गांव तक पहुंचकर लोगों की समस्याओं का निराकरण करने का कार्य किया जा रहा है। सुशासन तिहार केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि आम जनता की समस्याओं के समाधान और विकास को गति देने का अभियान है। इससे शासन के प्रति लोगों का विश्वास और मजबूत हो रहा है।
कार्यक्रम में जनपद अध्यक्ष श्रीमती गेंदकुंवर ठाकुर, जिला पंचायत सदस्य श्री नरसिंह भंडारी, सदस्य श्री महेश कुंजाम, जनप्रतिनिधि श्री दिलीप वर्मा, श्री रमेश हिडामें कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति, सीईओ जिला पंचायत श्रीमती भारती चंद्राकर, अपर कलेक्टर श्री जीआर मरकाम, एसडीएम मोहला श्री हेमेंद्र भुआर्य, सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
– विभिन्न विभागों द्वारा हितग्राहियों को योजनाओं से किया गया लाभान्वित
पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग अंतर्गत 4 हितग्राहियों को वृद्धावस्था, विधवा एवं दिव्यांग पेंशन स्वीकृति पत्र, 1 हितग्राहियों को लखपति दीदी सम्मान पत्र तथा 6 हितग्राहियों को मनरेगा जॉब कार्ड वितरित किए गए। इसके अलावा 6 हितग्राहियों को आवास पूर्णता प्रमाण पत्र एवं आवास की चाबी सौंपी गई।
महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा 1 हितग्राहियों को महिला आजीविका के तहत हेतु ऋण स्वीकृत किया गया। राजस्व विभाग द्वारा 10 हितग्राहियों को डिजिटल ऋण पुस्तिका वितरित की गई। स्वास्थ्य विभाग द्वारा 4 हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड योजना से लाभान्वित किया गया। वहीं मत्स्य विभाग द्वारा 4 हितग्राहियों को आइस बॉक्स एवं जल पात्र प्रदान कर लाभान्वित किया गया।