बोलीविया के सैन्य अड्डे पर जोरदार धमाका, 10 लोगों की मौत; 62 घायल…

 बोलिविया के वियाचा में स्थित सैन्य बैरक में शुक्रवार को हुए जोरदार विस्फोट में कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई और दर्जनों अन्य घायल हो गए। स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, यह सैन्य अड्डा राजधानी ला पाज से लगभग 30 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है।

अधिकारियों ने बताया कि धमाका स्थानीय समयानुसार दोपहर करीब 2:30 बजे हुआ जहां आतिशबाजी का सामान रखा गया था। हालांकि अभी तक विस्फोट के सटीक कारण की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन अधिकारियों का कहना है कि धमाका रक्षा मंत्रालय के पटाखों के भंडार से शुरू हुआ।

हताहतों की संख्या पर असमंजस

वियाचा की स्वास्थ्य निदेशक रीता नेब्रास्का ने स्थानीय टेलीविजन को बताया कि इस घटना में 10 से 15 लोगों के मारे जाने की आशंका है, जबकि 62 लोग घायल हुए हैं।

उन्होंने जानकारी दी कि 14 घायलों को ला पाज के अस्पतालों में भेजा गया है, जिनमें बुरी तरह से झुलसी यानी थर्ड-डिग्री बर्न एक लड़की भी शामिल है। पुलिस के मुताबिक, विस्फोट की तीव्रता इतनी अधिक थी कि दर्जनों घरों की खिड़कियों के शीशे टूट गए, जिससे भारी नुकसान हुआ है।

राहत-बचाव कार्य और सुरक्षा चेतावनी

नुकसान का आकलन करने और घायलों को सुरक्षित निकालकर स्वास्थ्य केंद्रों तक पहुंचाने के लिए सैन्य परिसर में एम्बुलेंस, मेडिकल टीमें और पुलिस बल को तैनात किया गया है।

नेब्रास्का ने बताया कि अग्निशमन दल ने घटनास्थल पर अभी भी एक हीट सोर्स मौजूद होने की चेतावनी दी है। इससे एक और विस्फोट होने का खतरा बना हुआ है, इसलिए स्थानीय निवासियों से घटनास्थल से कम से कम 150 मीटर दूर रहने की अपील की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *