भारतीय स्टेट बैंक (SBI) की यूपीआइ और आइएमपीएस सेवा शनिवार को तकनीकी खराबी के कारण रुक-रुककर प्रभावित रही।
सेवा में व्यवधान के चलते बड़ी संख्या में ग्राहकों को ऑनलाइन भुगतान करने और तत्काल रकम दूसरे खाते में ट्रांसफर करने में परेशानी का सामना करना पड़ा। बैंक की ओर से इंटरनेट मीडिया पर पोस्ट कर तकनीकी समस्या की जानकारी दी गई है।
एसबीआइ के अनुसार, तकनीकी समस्या के कारण यूपीआई और आईएमपीएस सेवाएं बीच-बीच में प्रभावित हो रही हैं। बैंक ने शुरुआत में शनिवार सुबह 11 बजे तक सेवाओं के सामान्य होने की उम्मीद जताई थी। हालांकि, दोपहर बाद भी कई ग्राहकों को लेनदेन में परेशानी का सामना करना पड़ा।
बैंक ने वैकल्पिक सेवाओं के इस्तेमाल की दी सलाह
सेवा प्रभावित होने के बीच एसबीआइ ने ग्राहकों को वैकल्पिक माध्यमों का इस्तेमाल करने की सलाह दी है। बैंक ने यूपीआई लाइट और एटीएम सेवा का उपयोग करने को कहा है।
हालांकि, सामान्य यूपीआइ और आइएमपीएस सेवा में रुकावट के कारण डिजिटल लेनदेन पर निर्भर ग्राहकों की परेशानी बनी रही। लोग विकल्पों को ढूंढ़ते रहे।
बैंक की तकनीकी टीम समस्या को दूर करने में जुटी है। एसबीआइ ने ग्राहकों को हुई असुविधा के लिए खेद जताते हुए उनसे धैर्य बनाए रखने की अपील की है। बैंक ने भरोसा दिलाया है कि तकनीकी समस्या को जल्द दूर करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
इन सेवाओं पर पड़ा असर
- यूपीआइ से भुगतान में रुकावट
- आइएमपीएस से तत्काल धन हस्तांतरण प्रभावित
- यूपीआइ लाइट का किया जा सकता है इस्तेमाल
- एटीएम सेवा के उपयोग की सलाह