जंतर-मंतर प्रदर्शन पर दिल्ली पुलिस का बड़ा दावा! सिर में फ्रैक्चर होने की बात को पुलिस ने बताया बेबुनियाद, सामने रखा घटना का पूरा सच…

दिल्ली पुलिस ने बीते 23 जुलाई को जंतर-मंतर पर कॉकरेच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन के दौरान एक प्रदर्शनकारी के सिर की हड्डी में फ्रैक्चर आने के दावों को पूरी तरह से ‘बेबुनियाद’ बताया है।

पुलिस का कहना है कि हाथापाई के दौरान एक प्रदर्शनकारी के हाथ में पहने ‘कड़े’ से ही उसे मामूली चोट लगी थी।

पुलिस के अनुसार, गाजियाबाद के रहने वाले 38 वर्षीय संजय कुमार प्रदर्शन के दौरान हुई झड़प में घायल हो गए थे। घटना के तुरंत बाद उन्हें आरएमएल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने चिकित्सीय जांच के बाद चोट को साधारण श्रेणी में रखा।

फ्रैक्चर की कोई पुष्टि नहीं

दिल्ली पुलिस ने स्पष्ट किया कि मेडिकल जांच और मेडिको-लीगल केस रिपोर्ट में सिर में फ्रैक्चर की कोई पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि चोट किसी हथियार से नहीं, बल्कि कड़े से लगी थी। सिर में क्रैक आने का आरोप पूरी तरह से गलत और निराधार है।

नई दिल्ली जिले के डीसीपी सचिन शर्मा का कहना है कि पीड़ित संजय कुमार के बयान के आधार पर संसद मार्ग थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया था। घटनास्थल से ही संदिग्धों को हिरासत में लिया गया।

वहीं, जांच के दौरान सूरज कुमार और स्वतंत्र भारद्वाज को कानूनी प्रक्रिया के तहत नोटिस तामील कराकर पूछताछ की गई थी। कानूनी कार्रवाई पूरी कर ली गई है और जल्द ही संबंधित अदालत में चार्जशीट दाखिल की जाएगी। केस में किसी भी तरह के बाहरी प्रभाव या हस्तक्षेप के आरोपों का खंडन करते हुए पुलिस ने इन्हें तथ्यहीन बताया है।

सीजेपी पदाधिकारी आज जाएंगे संसद मार्ग पुलिस स्टेशन

सीजेपी के नेताओं ने जंतर-मंतर पर नीट पेपर लीक आंदोलन के दौरान एक छात्र नीशू के पिता संजय पर हुए हमले के मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है।

सीजेपी प्रवक्ता सौरभ दास ने बताया कि पार्टी सदस्य शुक्रवार सुबह करीब दस बजे संसद मार्ग पुलिस स्टेशन पहुंचेंगे। यह मामला सीजेपी के प्रदर्शन के दौरान का है। हाल ही में सोशल मीडिया पर साझा हो रहे एक इंटरव्यू में स्वतंत्र भारद्वाज नामक व्यक्ति ने इस हमले में शामिल होने और सिर फोड़ने का कथित रूप से दावा किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *