गुरुवार को पोलैंड के डांस्क में पटरियों पर फंसे एक ट्रक को तेज रफ्तार ट्रेन ने जोरदार टक्कर मार दी। इस टक्कर में ट्रक पूरी तरह से चकनाचूर हो गया। स्टेट फायर सर्विस डांस्क द्वारा घटना के बाद जारी किए गए CCTV फुटेज में तबाही का मंजर साफ देखा जा सकता है।
फुटेज में क्षतिग्रस्त पीकेपी इंटरसिटी ट्रेन और बुरी तरह से पिचक चुका ट्रक डांस्क लिपसे स्टेशन के पास रुके हुए दिखाई दे रहे हैं। दमकल विभाग के अनुसार, उन्हें इस भीषण दुर्घटना की सूचना दोपहर लगभग 12:30 बजे मिली थी।
यात्रियों का रेस्क्यू कार्य
दमकल विभाग ने बताया कि ग्डिनिया से जिलोना गोरा जा रही इस ट्रेन में दुर्घटना के वक्त लगभग 300 यात्री सवार थे। राहत की बात यह रही कि घटना के बाद सभी यात्री सुरक्षित रूप से खुद ही ट्रेन से बाहर निकल आए।
सूचना मिलते ही घटनास्थल पर पहुंची मेडिकल रेस्क्यू टीम ने चार लोगों के मेडिकल जांच की, जिसमें ट्रक ड्राइवर, ट्रेन कंडक्टर और दो यात्री शामिल हैं।
शुरुआती जांच के बाद घायल ट्रक ड्राइवर को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करा दिया गया। इस भीषण दुर्घटना के कारण इलाके में रेलवे यातायात को पूरी तरह से रोकना पड़ा। फंसे हुए यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए बसों की व्यवस्था की गई, जिनके जरिए उन्हें त्चेव शहर भेजा गया।
रेलवे की अहम चेतावनी
पोलिश रेलवे लाइन्स एसए ने वाहन चालकों को भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचने के लिए जागरूक करने के उद्देश्य से हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी जारी किया है।
रेलवे ने मोटर चालकों को यह याद दिलाने के लिए फुटेज साझा किया कि यदि उनका वाहन कभी भी रेलवे क्रॉसिंग पर बंद हो जाए और बैरियर के बीच फंस जाए, तो ट्रेन के गुजरने का इंतजार बिल्कुल न करें।