RDA उपाध्यक्ष सूर्यमणि मिश्रा, सिरपुर विकास प्राधिकरण अध्यक्ष सतीश जग्गी की सेवा समाप्त; CG के निगम-मंडलों से पुराने नेताओं की छुट्टी…

छत्तीसगढ़ में नई सरकार ने निगम मंडलों की नियुक्तियों को रद्द करने का आदेश जारी किया था।

इसके बाद रायपुर विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष सूर्यमणि मिश्रा और शिव सिंह ठाकुर, सदस्य ममता राय, मुकेश साहू व चंद्रवती साहू और सिरपुर विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण अध्यक्ष सतीश जग्गी की सेवाएं समाप्त कर दी गई हैं।

इससे पहले सामान्य प्रशासन विभाग ने छत्तीसगढ़ संस्कृत विद्या मंडलम के अध्यक्ष और सदस्य की नियुक्ति समाप्त करने का आदेश जारी कर दिया है।

इसके अलावा मदरसा बोर्ड के अल्ताफ अहमद और मछुआ कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और छह सदस्यों की नियुक्ति को भी रद्द कर दिया गया। इनकी नियुक्ति कांग्रेस सरकार में हुई थी।

प्रदेश में भाजपा सरकार बनने क बाद कुछ नेताओं ने खुद ही इस्तीफा दे दिया था। कुछ नेता अभी भी पदों पर बने हुए थे। अब मंत्रिमंडल के गठन के बाद नए सिरे से मंडल और निगम में पद बांटे जाएंगे।

बृहस्पत सिंह की जगह नेताम को जिम्मेदारी

सामान्य प्रशासन विभाग ने एक आदेश जारी कर सरगुजा क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण से कांग्रेस के पूर्व विधायक बृहस्पत सिंह को हटा दिया है। उनकी जगह मौजूदा विधायक रामविचार नेताम को इसकी जिम्मेदारी दी गई है।

इनमें होगी नियुक्तियां

छत्तीसगढ़ राज्य वन विकास निगम, छत्तीसगढ़ राज्य भंडार गृह निगम, राज्य खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति निगम, छत्तीसगढ़ राज्य खनिज विकास निगम, छत्तीसगढ़ अंत्यावसायी सहकारी वित्त एवं विकास निगम, छत्तीसगढ़ राज्य पाठ्य पुस्तक निगम, छत्तीसगढ़ राज्य अल्पसंख्यक आयोग, छत्तीसगढ़ राज्य गौ-सेवा आयोग, छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग, छत्तीसगढ़ राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग, छत्तीसगढ़ राज्य खाद्य आयोग,

अन्य पिछड़ा वर्ग प्राधिकरण, अनुसूचित जाति प्राधिकरण, राज्य अक्षय ऊर्जा विकास अभिकरण, रायपुर विकास प्राधिकरण, छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी बैंक (अपेक्स), छत्तीसगढ़ राज्य खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड, छत्तीसगढ़ राज्य गृह निर्माण मंडल, छत्तीसगढ़ राज्य हस्त शिल्प विकास बोर्ड, छत्तीसगढ़ श्रम कल्याण बोर्ड, छत्तीसगढ़ राज्य वनौषधि पादप बोर्ड, छत्तीसगढ़ राज्य वक्फ बोर्ड, छत्तीसगढ़ राज्य हज कमेटी, छत्तीसगढ़ मछुआ कल्याण बोर्ड आदि।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× Whatsaap