दहेज की मांग को लेकर एक और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। सगाई के बाद दूल्हे पक्ष ने Mahindra Scorpio N की मांग पूरी नहीं होने पर शादी से साफ इनकार कर दिया।
इतना ही नहीं, सगाई के दौरान लिए गए 10 लाख रुपये नगद वापस करने से भी मना कर दिया गया। अब इस मामले में एफआईआर कराई गई है।
सगाई में ही उठी ‘स्कार्पियो N’ की मांग
जानकारी के अनुसार, शहर के एक मोहल्ले की युवती की शादी सिलीगुड़ी के ग्वालापट्टी वार्ड नंबर-4 निवासी नंदू प्रसाद के बेटे अभिषेक प्रसाद से तय हुई थी।
15 फरवरी को शहर के एक मैरेज हॉल में सगाई की रस्म हुई। आरोप है कि इसी दौरान दूल्हे पक्ष ने दहेज में स्कार्पियो N की मांग रख दी।
मौके पर मौजूद लोगों के समझाने-बुझाने के बाद दुल्हन पक्ष ने 10 लाख रुपये नगद देकर किसी तरह सगाई की रस्म पूरी कराई।
पहले तारीख टली, फिर सीधा इनकार
सगाई के बाद जब शादी की तारीख तय करने की बात आई, तो दूल्हा पक्ष पहले तो लगातार टालमटोल करता रहा। फिर साफ साफ कह दिया कि स्कार्पियो N नहीं मिलने पर शादी नहीं होगी।
14 लाख की मांग, धमकी का आरोप
दुल्हन पक्ष ने सगाई में खर्च हुए करीब 4 लाख रुपये और दिए गए 10 लाख रुपये वापस मांगे, लेकिन आरोप है कि आरोपितों ने रकम लौटाने से इनकार कर दिया।
साथ ही, जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। पीड़िता के पिता की शिकायत पर नगर थाने में दूल्हे समेत पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार प्रभाकर के अनुसार, मामले की जांच शुरू कर दी गई है और आरोपों की पड़ताल की जा रही है।