दिल्ली, यूपी सहित कई राज्यों में बिगड़ेगा मौसम, भारी बारिश और तेज आंधी का अलर्ट…

मौसम विभाग के मुताबिक, केरल में मानसून कभी भी दस्तक दे सकता है। मौसम विभाग ने आज दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड सहित देश के 17 राज्यों में भारी बारिश, ओलावृष्टि और 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तेज आंधी का अलर्ट जारी किया है।

मध्य भारत के मौसम में भारी उथल-पुथल शुरू

मानसून की इस दस्तक के बीच, एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और चक्रवाती हवाओं के क्षेत्र के कारण उत्तर, पूर्व और मध्य भारत के मौसम में भारी उथल-पुथल शुरू हो गई है। बिहार में भीषण लू का कहर जारी रहेगा। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण पहाड़ी से लेकर मैदानी राज्यों तक मौसम का मिजाज बदला हुआ है।

दिल्ली-एनसीआर के मौसम का हाल

दिल्ली-एनसीआर में सुबह से आंशिक रूप से बादल छाए रहने और दोपहर या शाम को धूल भरी आंधी चलने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक आज 50 से 70 किमी/घंटे की रफ्तार से चलने वाली तेज हवाओं और हल्की बारिश का अनुमान है।

उत्तर प्रदेश के जिलों में गरज-चमक के साथ तेज आंधी (50-60 किमी/घंटा) और बौछारें पड़ने की चेतावनी है। वहीं, पूर्वी हिस्सों में मौसम मुख्यतः शुष्क और गर्म रहेगा, हालांकि कुछ स्थानों पर धूल भरी हवाएं चल सकती हैं।

राजस्थान में आज ओलावृष्टि और धूल भरी आंधी का ‘ऑरेंज अलर्ट’ है। वहीं, राजस्थान में 50 से 70 किमी/घंटे की रफ्तार से अंधड़ चलने की आशंका है।

पंजाब और हरियाणा का मौसम का हाल

दोनों राज्यों में आज मौसम खराब रहेगा। तेज आंधी-तूफान के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। तेज हवाओं और बौछारों के कारण चिलचिलाती गर्मी से राहत मिलेगी और तापमान में 2-4°C की कमी आएगी।

हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भारी बारिश और बर्फबारी की आशंका

हिमाचल प्रदेश के ऊंचे पहाड़ी इलाकों में हल्की बर्फबारी और निचले इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है। वहीं, उत्तराखंड के कई जिलों में आज बिजली कड़कने, तेज हवाएं चलने और मध्यम बारिश का अनुमान लगाया गया है। पर्यटकों को पहाड़ी रास्तों पर सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

राजस्थान में तूफान-बारिश से हुए हादसों में तीन की मौत

राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ के कारण पिछले तीन दिनों से राज्य के करीब एक दर्जन जिलों में मध्यम से भारी बारिश हुई है। सीमावर्ती जिलों जैसलमेर एवं बाड़मेर में सोमवार देर रात धूलभरे तूफान और बारिश के कारण हुए अलग-अलग हादसों में तीन लोगों की मौत हुई है। बाड़मेर में दो अलग-अलग गांवो में कच्चे घर की दीवार ढहने से दो मासूमों की मौत हो गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *