अमेरिका के कोलोराडो में भीषण तूफान आया और जबरदस्त ओलावृष्टि हुई। सोमवार को तेज हवाओं, भारी बारिश और गोल्फ की गेंद जितने बड़े ओलों ने डेनवर, कोलोराडो में जमकर कहर बरपाया।
यह तूफान दोपहर के समय शहर और उसके आस-पास के इलाकों से टकराया, जिससे सड़कों पर आवाजाही बाधित हुई और डेनवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उड़ानों में देरी हुई। इलाके में दो इंच मोटे ओले गिरे और पूरे इलाके में कारों और घरों पर जोरदार तरीके से बरसते हुए दिखाई दिए।
गोल्फ की गेंद की आकार के ओले गिरे
तूफान के बाद अपनी अपनी कार बाहर देखने आई एक चश्मदीद ने कहा, “यह पूरे 10-15 मिनट तक चला। बस ओले गिर रहे थे और आस-पास की सभी कारों से टकरा रहे थे।”
उन्होंने बताया, “मैंने इसे पहले कभी इतना बड़ा नहीं देखा। गोल्फ की गेंद के आकार के ओले थे और वे जमीन पर इतनी जोर से टकरा रहे थे कि उछलकर दूसरी मंजिल तक पहुंच रहे थे।”
सूरज निकलने के बाद लोगों को मिली राहत
निवासियों का कहना है कि तूफान से एक स्थानीय किराने की दुकान को भी नुकसान पहुंचा, जहां ओलों ने छत पर लगी खिड़कियों को तोड़ दिया। हालांकि, जितनी तेजी से तूफान आया था लगभग उतनी ही तेजी से सूरज फिर से निकल आया और ओलों को पिघला दिया।
हालांकि सोमवार का तूफान कम समय के लिए ही रहा फिर भी कुछ निवासी सतर्क हैं क्योंकि बुधवार को और तूफान आने का पूर्वानुमान है। राज्य के अधिकारियों का कहना है कि कोलोराडो में बीमा से होने वाले नुकसान का मुख्य कारण अभी भी ओलावृष्टि ही है। ओलावृष्टि से होने वाले नुकसान से जुड़े बीमा दावों के मामले में यह राज्य देश भर में लगातार शीर्ष स्थानों में से एक पर बना हुआ है।