तिब्बत के जीजांग क्षेत्र के ऊपरी वायुमंडल को रोशन करते हुए दुर्लभ ‘रेड स्प्राइट्स’ (लाल चमक) को दिखाने वाला एक शानदार वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
चीनी एस्ट्रोफोटोग्राफर डोंग शुचांग द्वारा 26 मई, 2026 की सुबह-सुबह रिकॉर्ड किया गया यह वीडियो धरती की सबसे दुर्लभ वायुमंडलीय घटनाओं में से एक का बेहद विस्तृत दृश्य प्रमाण है, जिसने देखने वालों को मंत्रमुग्ध कर दिया है।
क्यों खास है ये नजारा?
ये शानदार चमकती हुई लाल रोशनी ‘ट्रांजिएंट ल्यूमिनस इवेंट’ (TLE) का एक रूप हैं। ये शक्तिशाली तूफानों के काफी ऊपर रोशनी की तेज चमक पैदा करती हैं, जिन्हें जमीन से देख पाना मुश्किल होता है।
डोंग ने वीडियो के साथ यह कैप्शन लिखा, “26 मई, 2026 की सुबह-सवेरे मैंने शन्नान जीजांग में पुमा युमको झील के किनारे समुद्र तल से 5,000 मीटर से भी अधिक की ऊंचाई पर लाल स्प्राइट बिजली का एक शानदार नजारा कैमरे में कैद किया।”
डोंग ने कहा, “यह न तो एआई द्वारा बनाया गया है और न ही इसमें कोई स्पेशल इफेक्ट इस्तेमाल किया गया है फिर भी यह इतना अवास्तविक (surreal) लगता है।” उन्होंने आगे कहा, “यह पिछले चार सालों में मेरे द्वारा कैद की गई सबसे साफ और सबसे बड़ी ‘स्प्राइट लाइटनिंग’ है। उम्मीद है आपको यह पसंद आएगी।”
तेज तूफान में रिकॉर्ड की गई वीडियो
‘रेड स्प्राइट आउटब्रेक’ को अवास्तविक बताते हुए डोंग ने कहा कि वह हरे रंग की चमक वाले दुर्लभ ‘घोस्ट स्प्राइट्स’ की तस्वीरें लेने में भी कामयाब रहे। तेज तूफान के दौरान रिकॉर्ड किए गए इस फुटेज में बादलों के ऊपर कई तेज लाल चमकें फूटती हुई दिखाई दे रही हैं।
वायुमंडलीय स्प्राइट्स कई रूपों में दिखाई देते हैं, जिनमें खंभे, गाजर, शाखाओं जैसी बेलें और जेलीफिश जैसी संरचनाएं शामिल हैं।