अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने भारत को एक प्रभावशाली वैश्विक शक्ति बनाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की तारीफ की है। राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप के करीबी सहयोगी और शीर्ष राजनयिक ने आगे कहा कि ट्रंप और पीएम मोदी के बीच बहुत करीबी संबंध हैं।
व्हाइट हाउस में आईएएनएस को दिए एक खास इंटरव्यू में रुबियो ने कहा, “भारत, अमेरिका का बहुत करीबी पार्टनर और सहयोगी है और प्रधानमंत्री व राष्ट्रपति के बीच संबंध इससे बेहतर नहीं हो सकते। मुझे लगता है कि कूटनीति में यह बहुत अहम है।”
‘हम प्रधानमंत्री मोदी के प्रशंसक’
उन्होंने कहा कि ट्रंप प्रशासन प्रधानमंत्री मोदी का बहुत सम्मान करता है और भारत को अमेरिका का सबसे करीबी रणनीतिक साझेदार माना जाता है। उन्होंने जोर देकर कहा, “हम प्रधानमंत्री मोदी और उनके किए गए कामों के बहुत बड़े प्रशंसक हैं।”
उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत जबरदस्त आर्थिक तरक्की कर रहा है और एक ऐसी वैश्विक ताकत के तौर पर उभर रहा है, जिसकी वैश्विक फैसले लेने में अब ज्यादा अहमियत है।
‘दोनों देशों ने तैयार किया मजबूत आधार’
उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि दुनिया में भारत का बढ़ता प्रभाव नई दिल्ली और वॉशिंगटन के रिश्तों को मजबूत बना रहा है। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के साझा मूल्यों और हितों ने कई क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के लिए एक मजबूत आधार तैयार किया है।
उन्होंने कहा, “ये दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र और दुनिया का सबसे पुराना लोकतंत्र हैं। मुझे लगता है कि हमारी बहुत सी बातें एक जैसी हैं और हम मिलकर काम कर सकते हैं।”
‘भारतीय-अमेरिकी समुदाय ने बढ़ाई समृद्धि’
उन्होंने यह भी बताया कि भारत और अमेरिका अर्थव्यवस्था, सप्लाई चेन, अहम खनिजों, ऊर्जा, सुरक्षा और नेविगेशन की आजादी जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ा रहे हैं और कहा, “ये सभी ऐसे मुद्दे हैं जो हमें एक-दूसरे से जोड़ते हैं।”
अमेरिकी राजनयिक ने यह भी कहा कि भारतीय-अमेरिकी समुदाय ने उनके देश को समृद्ध बनाया है और भारत-अमेरिका संबंधों को बढ़ाने में मदद की है। उन्होंने कहा, “आपके यहां एक बहुत मजबूत भारतीय-अमेरिकी समुदाय भी है, जो हमारे देशों के बीच एक और कड़ी है। यह एक ऐसा समुदाय है जिसने हमारे देश को कई तरह से समृद्ध किया है।”