सुकमा : मरईगुड़ा पोटाकेबिन में प्रवेश उत्सव की अनूठी मिसाल…

तिलक और माला पहनाकर बच्चों का किया गया स्वागत

जिले के शाबाआवि पोटाकेबिन मरईगुड़ा में आयोजित प्रवेश उत्सव ने राज्य शासन और जिला प्रशासन की शिक्षा-केंद्रित सोच को प्रभावशाली रूप से प्रदर्शित किया। नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक, पुष्पहार और मुकुट पहनाकर आत्मीय स्वागत किया गया, जिससे विद्यालय में उनके पहले दिन को उत्सवमय और यादगार बनाया गया। कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रगान, सरस्वती वंदना, छात्र प्रतिज्ञा एवं प्रेरणादायी गतिविधियों ने विद्यार्थियों में अनुशासन, नैतिक मूल्यों और राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत किया।

     जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग के संयुक्त प्रयासों से आयोजित इस कार्यक्रम में अभिभावकों, स्कूल प्रबंधन समिति तथा विद्यालय परिवार की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली। प्राचार्य ने शासन द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे नवाचारों एवं विद्यालय की उपलब्धियों की जानकारी देते हुए अभिभावकों से बच्चों के सर्वांगीण विकास में सहयोग की अपील की। उपस्थित जनप्रतिनिधियों और अभिभावक प्रतिनिधियों ने भी विद्यार्थियों को शिक्षा के महत्व से अवगत कराते हुए उन्हें बेहतर भविष्य के लिए प्रेरित किया।

     प्रवेश उत्सव के अवसर पर नवप्रवेशी विद्यार्थियों को निःशुल्क पाठ्यपुस्तकों का वितरण किया गया, जो शिक्षा को सहज और सुलभ बनाने की शासन की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। कार्यक्रम के समापन पर आयोजित सामूहिक न्योता भोज ने विद्यालय, अभिभावकों और समुदाय के बीच आत्मीयता और सहभागिता को और मजबूत किया। यह आयोजन स्पष्ट रूप से दर्शाता है कि जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग दूरस्थ क्षेत्रों तक गुणवत्तापूर्ण, समावेशी और प्रेरणादायी शिक्षा पहुंचाने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध हैं तथा प्रत्येक बच्चे के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण की दिशा में प्रभावी कदम उठा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *