सोमवार तड़के थाईलैंड के राजधानी बैंकॉक में एक पब में आग लगने से 27 लोगों की मौत हो गई, जबकि 63 अन्य लोग घायल हो गए। अधिकारियों ने बताया कि कई लोग आग से बचने के लिए पब के बाथरूम के पास फंस गए और इसी दौरान उनकी मौत हो गई।
अधिकारियों ने आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है। बता दें कि यह घटना हाल के वर्षों में बैंकॉक में हुई सबसे घातक आगजनी की घटनाओं में से एक है।
अब तक 27 लोगों की मौत
यह घटना सोई लाट फ्राओ 1 रोड के पास स्थित ना लाडप्राओ भोजनालय में घटी, उस समय वहां काफी भीड़ थी. अब तक 27 शव लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। हादसे में घायल 63 लोगों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिनमें 22 की हालत गंभीर है। मृतकों में 9 पुरुष और 18 महिलाएं शामिल हैं।
बाथरूम के पास फंसे लोग
थाई अधिकारियों के अनुसार, आग लगने के दौरान पीड़ितों ने पब के बाथरूम से भागने की कोशिश की लेकिन वहां से निकलने का कोई रास्ता नहीं था। पीड़ित घने धुएं से बचने की कोशिश में वहीं फंस गए और उनकी मौत हो गई।