महाकाल श्रद्धालुओं को ठगने वाले गिरोह पर शिकंजा, उज्जैन पुलिस ने 11 फर्जी वेबसाइटों को कराया बंद…

श्री महाकालेश्वर मंदिर में दर्शन करने के लिए रोजाना हजारों श्रद्धालु आ रहे हैं।

इन श्रद्धालुओं से मंदिर के समीप होटल में कमरा बुक करने के नाम पर ठगी की जा रही थी। ऐसी 11 वेबसाइट को चिह्नित कर महाकाल थाना पुलिस ने बंद करवाया है।

इससे पहले भी 22 वेबसाइट बंद कराई जा चुकी हैं। अब तक 33 वेबसाइट पर कार्रवाई की गई है।

महाकाल थाना प्रभारी गगन बादल ने बताया कि श्री महाकाल मंदिर में दर्शन करने के लिए देशभर से हजारों श्रद्धालु आते हैं। आमतौर पर श्रद्धालु मंदिर के समीप ठहरने के लिए होटल आनलाइन सर्च करते हैं।

इसी का फायदा उठाकर साइबर अपराधियों ने इंटरनेट पर कई नामी होटलों, धर्मशालाओं और भक्त निवास से मिलती-जुलती फर्जी वेबसाइटें बना रखी हैं।

होटलों में कमरा बुक करने के नाम पर चल रही फर्जी वेबसाइट श्रद्धालुओं से एडवांस पैसे लेती हैं। पुलिस को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि बाहर से आने वाले श्रद्धालु इन साइट्स के जरिए एडवांस पेमेंट कर कमरे बुक करवा लेते थे, लेकिन जब वे उज्जैन पहुंचते तो वहां उनकी कोई बुकिंग ही नहीं मिलती थी। यहां आकर पता चलता था कि उनके साथ ठगी हो गई है।

पुलिस ने कई मामलों में ठगे गए श्रद्धालुओं को उनके पैसे वापस करवाए हैं।

पुलिस ने जारी की एडवाइजरी- होटल, धर्मशाला अथवा भक्त निवास की आनलाइन बुकिंग करते समय केवल अधिकृत एवं विश्वसनीय वेबसाइट व पोर्टल का ही उपयोग करें। किसी भी अज्ञात मोबाइल नंबर अथवा संदिग्ध वेबसाइट पर आनलाइन भुगतान करने से पूर्व जानकारी सत्यापित करें।

साइबर धोखाधड़ी होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 अथवा नजदीकी पुलिस थाना या साइबर सेल से संपर्क करें। आनलाइन फ्राड की शिकायत राष्ट्रीय साइबर पोर्टल पर भी दर्ज कराई जा सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *