नेशनल गेम्स 2027 के मद्देनजर मेघालय में बड़ा खेल बुनियादी ढांचा, 150 करोड़ से बनेगा हाई-एल्टीट्यूड ट्रेनिंग सेंटर…

वर्ष 2027 में होने वाले 39वें नेशनल गेम्स के लिए मेजबान राज्य मेघालय में 150 करोड़ की लागात से हाई-एल्टीट्यूड ट्रेनिंग सेंटर (ऊंचाई पर प्रशिक्षण केंद्र) बनाया जाएगा।

मेघालय के तीन दिन दिन के दौर पर गए केंद्रीय युवा मामले और खेल मंत्री डा. मनसुख मंडाविया ने शनिवर को इस सेंटर की घोषणा की।

इस दौरान उन्होंने नेशनल गेम्स की तैयारियों की समीक्षा की और शिलांग में बहुउद्देशीय एकीकृत इनडोर स्पोर्ट्स हाल का उद्घाटन भी किया।

बैठक में मेघालय के मुख्यमंत्री कानराड संगमा, युवा मामले और खेल राज्य मंत्री रक्षा खडसे, आइओए अध्यक्ष पीटी उषा ने भी हिस्सा लिया।

नेशनल गेम्स के लिए मेघालय की तैयारियों का जायजा लेने के लिए एक उच्च-स्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए खेलमंत्री मांडविया ने कहा कि ये खेल नए कीर्तिमान स्थापित करेंगे।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विजन के अनुरूप ये खेल न केवल एक प्रमुख आयोजन के रूप में काम करेंगे, बल्कि मेघालय और पूरे पूर्वोत्तर क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, विविधता और अनूठी पहचान को देश और दुनिया के सामने प्रदर्शित करने के एक मंच के रूप में भी काम करेंगे। उन्होंने कहा इन खेलों के लिए हमारा संदेश है, ‘स्थिरता और विविधता’।

उन्होंने आगे कहा कि राष्ट्रीय खेलों का उपयोग डोपिंग के बारे में जागरूकता फैलाने के अवसर के रूप में भी किया जाना चाहिए। उन्होंने जोर दिया कि मेघालय में नेशनल गेम्स के दौरान ‘माइ भारत’ के स्वयंसेवकों को भी इसमें शामिल किया जाना चाहिए। इस दौरान खेलमंत्री ने पूर्वोत्तर राज्यों में खेल इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास की प्रगति की भी समीक्षा की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *