पिपलावां थाना क्षेत्र के नौबतपुर-बिक्रम सोन नहर मुख्य मार्ग स्थित फरीदपुरा दरियापुर पुल के समीप रविवार की देर रात सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई।
मृतकों की पहचान नौबतपुर क्षेत्र के छोटी टेंगरैला निवासी जद्दू पासवान के 30 वर्षीय पुत्र मेघा पासवान तथा अमरपुरा निवासी देवेंद्र मोची के 28 वर्षीय पुत्र आलोक कुमार के रूप में की गई है।
खाना बनाने का सामान पहुंचाकर लौट रहे थे दोनों युवक
दोनों युवक बिक्रम थाना क्षेत्र के मंझौली गांव में आयोजित एक शादी समारोह में खाना बनाने का सामान पहुंचाने गए थे। देर रात कार्यक्रम स्थल से बाइक से वापस घर लौट रहे थे।
इसी दौरान पिपलावां थाना क्षेत्र के नहर रोड पर अवस्थित फरीदपुरा दरियापुर के समीप अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया।
दोनों युवकों को गिरा देख स्थानीय लोग पहुंचे। पुलिस को सूचना दी। पिपलावां थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शव को पोस्टमार्टम के लिए एम्स भेज दिया।
सीसीटीवी के आधार पर वाहन की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और स्थानीय लोगों से पूछताछ के आधार पर दुर्घटना को अंजाम देनेवाले वाहन की पहचान करने में जुटी है।
इधर, जैसे ही हादसे की खबर मृतकों के स्वजन तक पहुंची, दोनों परिवारों में चीख-पुकार मच गई। गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से अज्ञात वाहन चालक की शीघ्र गिरफ्तारी और पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा देने की मांग की है।
पिपलावां थाना प्रभारी सागर कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए एम्स भेज दिया गया है। वही वाहन की तलाश की जा रही है।