बंगाल की दक्षिण-पश्चिम खाड़ी में श्रीलंका के उत्तरी तट के पास बना कम दबाव का क्षेत्र अब सक्रिय हो गया है।भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने सोमवार को इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि अगले 48 घंटों में यह सिस्टम और मजबूत हो सकता है। हालांकि फिलहाल ओडिशा के लिए बारिश या तेज हवा को लेकर कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार, इस सिस्टम से जुड़ा चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से करीब 5.8 किलोमीटर ऊंचाई तक फैला हुआ है।मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि यह सिस्टम तमिलनाडु तट की ओर बढ़ सकता है।
तमिलनाडु की ओर बढ़ेगा सिस्टम
मौसम विशेषज्ञ बिश्वजीत साहू ने कहा कि कम दबाव का क्षेत्र अगले 27 घंटों में और मजबूत हो सकता है।उन्होंने बताया कि यह सिस्टम श्रीलंका के उत्तरी तट के पास विकसित हुआ है और तमिलनाडु की दिशा में आगे बढ़ने की संभावना है।
उन्होंने कहा कि बंगाल की खाड़ी में मौजूद मजबूत वर्टिकल विंड शियर के कारण इसके ज्यादा ताकतवर चक्रवात में बदलने की संभावना फिलहाल कम है। हालांकि 13 या 14 मई तक यह डिप्रेशन का रूप ले सकता है।
ओडिशा में बढ़ेगी गर्मी
बिश्वजीत साहू ने आशंका जताई कि अगर यह सिस्टम डिप्रेशन में बदलता है तो ओडिशा में गर्मी और ज्यादा बढ़ सकती है। उन्होंने कहा कि 15 से 20 मई के बीच राज्य में हीटवेव की स्थिति बन सकती है।
कई जिलों में कालबैशाखी बारिश के आसार
इधर, अगले दो दिनों के दौरान राज्य के कुछ हिस्सों में कालबैशाखी बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक मयूरभंज, केंदुझर, बालेश्वर, भद्रक, ढेंकानाल और केंद्रापड़ा जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है।मौसम विभाग लगातार सिस्टम पर नजर बनाए हुए है और स्थिति के अनुसार आगे चेतावनी जारी की जाएगी।