गर्मी की छुट्टियों में यात्रियों को राहत, Yamunanagar-Jagadhri Railway Station पर चार समर स्पेशल ट्रेनों का होगा ठहराव…

जून में गर्मियों की छुट्टियों के दौरान ट्रेनों में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देख रेलवे समर स्पेशल ट्रेनें चला रहा है। इनमें चार ट्रेनों का ठहराव यमुनानगर-जगाधरी स्टेशन पर दिया गया है। इनके संचालन से पंजाब, हरियाणा, उत्तरप्रदेश, बिहार, बंगाल व झारखंड जाने वाले यात्रियों को राहत होगी।

रेलवे की ओर से जिन चार समर स्पेशल ट्रेनों का ठहराव यमुनानगर-जगाधरी रेलवे स्टेशन पर दिया गया है, उनमें बठिंडा-वाराणसी, अमृतसर-कोलकाता, फिरोजपुर छावनी-झांझरपुर व पठानकोट-छपरा ट्रेनें शामिल हैं। इनमें गाड़ी संख्या 04519-20 बठिंडा-वाराणसी समर स्पेशल 16 जुलाई तक चलेगी।

यह ट्रेन बठिंडा से हर बुधवार व शनिवार रात 8:50 बजे रवाना होकर यमुनानगर-जगाधरी स्टेशन पर रात 1:50 बजे पहुंचेगी। वाराणसी पहुंचने का समय अगले दिन शाम 7:05 बजे रहेगा। वापसी में यह ट्रेन रविवार व बुधवार शाम 8:40 बजे वाराणसी से चलेगी और अगले दिन दोपहर 12:36 बजे यमुनानगर-जगाधरी पहुंचेगी।

अमृतसर-कोलकाता स्पेशल दो जुलाई तक संचालित होगी

गाड़ी संख्या 04623-24 अमृतसर-कोलकाता स्पेशल दो जुलाई तक संचालित होगी। अमृतसर से यह ट्रेन हर सोमवार शाम 8:10 बजे रवाना होकर मध्य रात्रि 1:43 बजे यमुनानगर-जगाधरी पहुंचेगी। वापसी में कोलकाता से ट्रेन मंगलवार शाम पांच बजे रवाना होकर अगले दिन शाम 6:26 बजे यमुनानगर-जगाधरी पहुंचेगी।

गाड़ी संख्या 04619-20 फिरोजपुर छावनी-झांझरपुर स्पेशल 25 जून तक चलेगी। फिरोजपुर छावनी से हर शनिवार दोपहर 2:30 बजे रवाना होकर रात 9:10 बजे यमुनानगर-जगाधरी पहुंचेगी। वापसी में झांझरपुर से ट्रेन हर सोमवार मध्य रात्रि एक बजे रवाना होगी और यमुनानगर-जगाधरी स्टेशन पर सुबह 2:38 बजे पहुंचेगी।

गाड़ी संख्या 05193-94 पठानकोट-छपरा स्पेशल 15 जुलाई तक संचालित रहेगी। पठानकोट से हर बुधवार शाम सात बजे चलकर सुबह 9:15 बजे यमुनानगर-जगाधरी पहुंचेगी। वापसी में छपरा से ट्रेन प्रत्येक सोमवार दोपहर दो बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 11:57 बजे यमुनानगर-जगाधरी पहुंचेगी।

जून में गर्मियों की छुट्टियों के दौरान पहले ट्रेनों में बढ़ती भीड़ और लंबी वेटिंग देख यात्री परेशान थे। इस पर दैनिक जागरण ने छह मई के अंक में जून की छुट्टियों में लंबी वेटिंग देख यात्री परेशान, स्पेशल ट्रेनें चलाएं शीर्षक से समाचार प्रकाशित किया था। इस पर रेलवे अधिकारियों ने संज्ञान लिया और समर स्पेशल ट्रेनें चलाने का फैसला लिया है।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्यिक प्रबंधक यशजीत सिंह ने कहा कि ग्रीष्मकालीन अवकाश को ध्यान में रखते हुए कई ट्रेन चलाई गई हैं। इनके संचालन से यात्रियों को काफी सुविधा मिलेगी। रेलवे आवश्यकता अनुसार ट्रेनों का संचालन कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *