कनाडा के अल्बर्टा प्रांत स्थित एडमंटन शहर में शुक्रवरा को गुरुद्वारे की भीतर चाकूबाजी की घटना सामने आई, जहां नानकसर गुरुद्वारा गुरसिख मंदिर परिसर के भीतर एक अज्ञात व्यक्ति ने दो लोगों पर चाकू से हमला कर दिया।
यह घटना तब हुई जब एक व्यक्ति ने शादी की रस्म से पहले सुबह की प्रार्थना (अरदास) में बाधा डाली। यह हमला सुबह 5 बजे के बाद एडमंटन के उत्तर-पूर्वी बाहरी इलाके में स्थित नानकसर गुरुद्वारा गुरसिख मंदिर में हुआ।
एडमंटन पुलिस के अनुसार, 14 स्ट्रीट और हॉर्सहिल रोड के पास हुई इस घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आपातकालीन कर्मियों ने दो वयस्क पुरुषों का इलाज किया, हालांकि उनकी चोटों चोटें ऐसी थीं जिनसे जान को कोई खतरा नहीं था।
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने हमले के मकसद के बारे में कोई जानकारी नहीं दी और न ही यह बताया कि क्या इसकी जांच नफरत से प्रेरित अपराध के तौर पर की जा रही है। पुलिस जांच में जुट गई है और यह पता कर रही है कि असल में क्या हुआ और क्यों हुआ।
क्या है पूरा मामला
गुरुद्वारा प्रबंधन के प्रतिनिधि हरमीक सहगल के अनुसार, एक संदिग्ध व्यक्ति सुबह होने वाले विवाह समारोह से पहले चल रही प्रार्थना के दौरान गुरुद्वारे के भीतर घुसा और बाधा डालने लगा। वह प्राथर्ना के दौरान ही अंदर हंगामा करने लगा। जिससे प्रार्थना रूक गई।
प्रार्थना कर रहे लोगों ने ध्यान दिया कि उसका हाव-भाव किसी श्रद्धालु या आगंतुक जैसा नहीं था। उन्होंने बताया कि शुरुआत में वहां मौजूद लोगों ने उससे बातचीत कर स्थिति संभालने की कोशिश की, लेकिन उसने कोई सहयोग नहीं किया। वह व्यक्ति किसी की बात सुनने को तैयार नहीं था।
हमले के बाद होश में थे पीड़ित
जब उसे काबू में करने का प्रयास किया गया, तो उसने धक्का-मुक्की शुरू कर दी। हालांकि, सेवादारों ने कड़ी मशक्कत के बाद उसे काबू में कर लिया और तुरंत पुलिस को सूचना दी। इसी हाथापाई के दौरान आरोपी ने दो लोगों पर चाकू से हमला कर दिया। सहगल ने पुष्टि की कि हमले के बाद भी दोनों पीड़ित होश में थे और बातचीत कर रहे थे।
घटना के बाद पूरी हुई शादी की रस्म
गुरुद्वारा परिसर में सुबह हुई इस हिंसा के बावजूद, पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सुबह करीब 10:30 बजे विवाह की सभी रस्में शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराई गईं।
सहगल ने बताया कि आरोपी ने किसी संपत्ति या शारीरिक चीज को नुकसान नहीं पहुंचाया। खासकर हमारे सिख धर्मग्रंथों को, जो हमारे लिए बहुत पवित्र हैं।
पीएम कार्नी ने कार्रवाई के लिए पुलिस को दिया धन्यवाद
इस घटना को लेकर कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “आज सुबह एडमोंटन के नानकसर गुरुद्वारे में हुआ हमला चौंकाने वाला है। मेरी संवेदनाएं घायल हुए दो लोगों और उस पूरे समुदाय के साथ हैं जो इस भयानक घटना से स्तब्ध है। किसी को भी अपनी पूजा की जगह पर असुरक्षित महसूस नहीं करना चाहिए। मैं एडमंटन पुलिस सर्विस को उनकी त्वरित कार्रवाई के लिए धन्यवाद देना चाहता हूं।”