रायपुर : मोहला के आमाडुला में आयोजित हुआ जनजातीय गरिमा उत्सव, शासकीय योजनाओं की अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सुनिश्चित…

जनभागीदारी – सबसे दूर, सबसे पहले” की भावना से शिविर में उमड़े ग्रामीण

एक ही छत के नीचे स्वास्थ्य जांच, आयुष्मान कार्ड और शासकीय योजनाओं का मिला लाभ

भारत सरकार के जनजातीय कार्य मंत्रालय के निर्देशानुसार, मोहला-मानपुर-अम्बागढ़ चौकी जिले के दूरस्थ एवं वनांचल क्षेत्रों में निवासरत आदिवासी समुदायों तक शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ पहुंचाने के लिए एक विशेष मुहिम शुरू की गई है।

जिला प्रशासन एवं आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास विभाग के संयुक्त तत्वावधान में जिले में “जनजातीय गरिमा उत्सव- जनभागीदारी अभियान” का भव्य आयोजन किया जा रहा है।

आमाडुला क्लस्टर शिविर- एक ही स्थान पर सभी सेवाएं
इस अभियान के अंतर्गत सोमवार को विकासखंड मोहला के ग्राम आमाडुला क्लस्टर में एक वृहद् शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की प्रमुख विशेषताएं और दी गई सुविधाएं इस प्रकार रहीं।

ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों को एक ही स्थान पर विभिन्न शासकीय विभागों द्वारा संचालित कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई तथा पात्र हितग्राहियों को मौके पर ही लाभान्वित किया गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा ग्रामीणों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण कर दवाइयां प्रदान की गईं।

शिविर में पात्र हितग्राहियों के नए आयुष्मान कार्ड बनाए गए तथा आधार कार्ड को अपडेट (अद्यतन) करने की विशेष सुविधा भी उपलब्ध कराई गई। विभिन्न योजनाओं के तहत नए आवेदन मौके पर ही स्वीकार किए गए, ताकि प्रक्रिया पूरी कर पात्र लोगों को शीघ्र लाभान्वित किया जा सके।

सबसे दूर, सबसे पहल- अभियान का मुख्य उद्देश्य
      विभागीय अधिकारियों के अनुसार, इस विशेष अभियान का मुख्य उद्देश्य वनांचल और पहुंचविहीन क्षेत्रों में रहने वाले आदिवासी समाजों को सीधे शासन की मुख्यधारा और योजनाओं से जोड़ना है।

प्रशासन द्वारा जनभागीदारी-सबसे दूर, सबसे पहले के मूल मंत्र के साथ काम किया जा रहा है, ताकि भौगोलिक रूप से सबसे दूर रहने वाले अंतिम व्यक्ति तक प्रशासनिक संवेदनशीलता और शासकीय योजनाओं की पहुंच सबसे पहले सुनिश्चित की जा सके और उनकी समस्याओं का मौके पर ही त्वरित समाधान हो।

      इस शिविर के सफल आयोजन से वनांचल के ग्रामीणों में भारी उत्साह देखा गया और उन्होंने जिला प्रशासन की इस संवेदनशील पहल की सराहना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *