रायपुर : सुशासन तिहार में मानवीय पहल: 85 प्रतिशत दिव्यांग छोटेलाल को मिलेगी मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल…

जनदर्शन में रखी समस्या, कलेक्टर के त्वरित निर्देश से मिली राहत

प्रदेश में चल रहे सुशासन तिहार के दौरान जिले में प्रशासन की संवेदनशील कार्यशैली का प्रेरक उदाहरण सामने आया है।

साप्ताहिक जनदर्शन में पहुंचे 85 प्रतिशत दिव्यांग हितग्राही छोटेलाल को कलेक्टर के निर्देश पर मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल उपलब्ध कराने की प्रक्रिया तत्काल प्रारंभ कर दी गई। जनपद पंचायत भरतपुर के दूरस्थ ग्राम जामथान (पोस्ट-कजियाद) निवासी 55 वर्षीय छोटेलाल अपनी समस्या लेकर जनदर्शन में पहुंचे थे।

उन्होंने बताया कि गंभीर शारीरिक दिव्यांगता के कारण आवागमन में अत्यधिक कठिनाई होती है, जिससे दैनिक कार्य भी प्रभावित होते हैं। उन्होंने प्रशासन से मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल उपलब्ध कराने का अनुरोध किया।

हितग्राही की स्थिति को देखते हुए कलेक्टर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। दस्तावेजों की जांच में छोटेलाल की 85 प्रतिशत दिव्यांगता प्रमाणित होने पर उन्हें योजना के लिए पात्र पाया गया। 

कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि सुशासन की भावना के अनुरूप प्रक्रिया को सरल बनाते हुए हितग्राही को शीघ्र लाभान्वित किया जाए, ताकि उन्हें अनावश्यक औपचारिकताओं का सामना न करना पड़े। मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल की स्वीकृति की जानकारी मिलते ही छोटेलाल के चेहरे पर संतोष और खुशी दिखाई दी।

उन्होंने जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस सुविधा से अब उनका रोजमर्रा का जीवन काफी सहज हो जाएगा। जिले में आयोजित सुशासन तिहार के माध्यम से शासन की योजनाओं को जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाने का लगातार प्रयास किया जा रहा है। जनदर्शन और समाधान शिविरों के जरिए नागरिकों की समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जा रहा है।

कलेक्टर ने कहा कि दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों की समस्याओं का शीघ्र समाधान प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। जिला प्रशासन यह सुनिश्चित कर रहा है कि पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ समय पर और सहज तरीके से मिल सके। छोटेलाल को मिली यह सहायता केवल एक सुविधा नहीं, बल्कि प्रशासन की मानवीय सोच, त्वरित निर्णय क्षमता और सुशासन के प्रति प्रतिबद्धता का सशक्त उदाहरण बनकर सामने आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *