नवादा मेट्रो के पास नजफगढ़ मुख्य सड़क पर डेढ़ महीने तक ट्रैफिक रहेगा प्रभावित, भारी वाहनों के लिए रूट डायवर्ट किया गया…

अगर आप उत्तम नगर, नवादा, द्वारका मोड़ या नजफगढ़ की तरफ आते-जाते हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है। दिल्ली जल बोर्ड द्वारा नवादा मेट्रो स्टेशन के नीचे धंस चुकी सीवर लाइन को ठीक करने के लिए एक बड़ा मरम्मत कार्य शुरू किया गया है।

इसके चलते नजफगढ़-उत्तम नगर मुख्य सड़क का एक अहम हिस्सा अगले डेढ़ महीने तक प्रभावित रहेगा। यातायात पुलिस ने इस संबंध में एडवाइजरी जारी कर लोगों को संभलकर निकलने और वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की सलाह दी है।

नजफगढ़-उत्तम नगर मुख्य सड़क सिर्फ एक रास्ता नहीं है, बल्कि इसे इस पूरे इलाके की लाइफलाइन माना जाता है। यह सड़क नजफगढ़ क्षेत्र के दर्जनों गांवों और अर्ध-शहरी आबादी को दिल्ली के मुख्य शहरी व व्यावसायिक क्षेत्रों से जोड़ती है।

इस सड़क से रोजाना लाखों कामकाजी लोग, स्कूली बच्चे और व्यापारिक वाहन गुजरते हैं। करीब डेढ़ महीने की इस बंदी के कारण नवादा, उत्तम नगर, नजफगढ़ और द्वारका के निवासियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है।

यातायात पुलिस के मुताबिक, नवादा मेट्रो स्टेशन के नीचे सीवर लाइन बैठ गई है। इसे ठीक करने के लिए दिल्ली जल बोर्ड ट्रेंचलेस टेक्नोलाजी का इस्तेमाल कर रहा है।

फिलहाल मेट्रो पिलर नंबर 722 से 723 के बीच काम शुरू हो चुका है। अगले करीब डेढ़ महीने तक यहां काम होता रहेगा।

फिलहाल राहत की बात यह है कि उत्तम नगर से द्वारका मोड़ की ओर जाने वाले करीब 100 मीटर के हिस्से को दो लेन में बदल दिया गया है। यहां से हल्के वाहन (जैसे बाइक, कार और आटो) अपनी-अपनी लेन में धीमी गति से गुजर सकते हैं।

भारी वाहनों के लिए नो-एंट्री, ट्रैफिक पुलिस ने बदला रूट 

नवादा मेट्रो स्टेशन के पास सड़क संकरी होने के कारण भारी वाहनों के निकलने की जगह नहीं बची है। ऐसे में बसों, कमर्शियल गाड़ियों और भारी वाहनों के लिए ट्रैफिक पुलिस द्वारा सुझाए गए वैकल्पिक मार्ग ही एकमात्र उपाय हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *