थाना सदर बाजार क्षेत्र में एक कपड़ा कारोबारी और उनके परिवार को लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर जान से मारने की धमकी मिली है। धमकी देने वाले ने वाट्सएप कॉल और वॉइस मैसेज का इस्तेमाल किया। इस मामले में पुलिस ने मंगलवार सुबह आठ बजे शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाना सदर बाजार क्षेत्र के अहमद बाग निवासी कारोबारी अमित गुप्ता ने बताया कि 3 जुलाई 2026 की रात करीब 10:45 बजे उनके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से लगातार चार वाट्सएप कॉल आईं, जिन्हें उन्होंने रिसीव नहीं किया। अगले दिन 4 जुलाई की रात उसी नंबर से उनके छोटे भाई सुमित गुप्ता के मोबाइल पर वाट्सएप के माध्यम से आठ वॉइस मैसेज भेजे गए।
इन वाइस मैसेज में कॉल करने वाले ने खुद को जीशान अख्तर बताते हुए लॉरेंस बिश्नोई गैंग से संबंधित होने का दावा किया। उसने संदेश में कहा-तेरा भाई मेरा फोन नहीं उठा रहा है, उसे मेरा पैगाम दे देना कि मेरा फोन उठा ले।
आरोपित ने पीड़ित के हकीकत नगर स्थित पुराने मकान और अहमद बाग स्थित वर्तमान आवास की तस्वीरें भी वाट्सएप पर भेजीं। परिवार का कहना है कि इन तस्वीरों के भेजे जाने से उन्हें आशंका है कि कोई उनकी गतिविधियों पर लगातार नजर रख रहा है।
शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि पूरा परिवार डरा हुआ है और किसी भी समय गंभीर वारदात होने की आशंका बनी हुई है। पीड़ित ने पुलिस से परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने और आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वाट्सएप कॉल, वॉइस मैसेज, मोबाइल नंबर और भेजी गई तस्वीरों की तकनीकी जांच कराई जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। थाना सदर बाजार प्रभारी निरीक्षक चंद्रसैन सैनी ने बताया कि फरवरी की शिकायत पर मुकदमा दर्ज पर किया गया है। मोबाइल लोकेशन की जांच की जा रही है।