रविवार शाम मियामी इंटरनेशनल एयरपोर्ट से सीएटल के लिए उड़ान भरने वाली अलास्का एयरलाइंस की फ्लाइट को अचानक वापस गेट पर लौटना पड़ा।
क्रू मेंबर्स द्वारा यात्रियों की तरफ से धमकी मिलने की रिपोर्ट के बाद पायलटों ने एहतियात के तौर पर कॉकपिट लॉकडाउन प्रोटोकॉल शुरू कर दिया। हालांकि, बाद में अधिकारियों की जांच के बाद यह निष्कर्ष निकला कि कोई वास्तविक या विश्वसनीय खतरा नहीं था।
फ्लाइट 305 पर क्या हुआ?
अलास्का एयरलाइंस की फ्लाइट 305, जो कि एक बोइंग 737 विमान है, मियामी से सीएटल के लिए छह घंटे की उड़ान पर जाने के लिए निर्धारित थी। एयर ट्रैफिक कंट्रोल के ऑडियो संचार के अनुसार, विमान अपने गेट से पीछे हट चुका था।
टैक्सी करने की तैयारी के दौरान ही फ्लाइट अटेंडेंट्स ने पायलटों को सूचना दी कि केबिन में मौजूद कुछ यात्री धमकी भरा व्यवहार कर रहे हैं।
ग्राउंड कंट्रोलर्स को स्थिति की जानकारी देते हुए एक पायलट ने कहा कि हमारे विमान में इस समय यात्रियों द्वारा बाधा उत्पन्न की जा रही है और वे धमकियां दे रहे हैं। हम लॉकडाउन प्रोटोकॉल में जाना चाहते हैं। हम इंजन बंद कर रहे हैं और पार्किंग ब्रेक लगा दिया गया है।
रिकॉर्डिंग के मुताबिक, क्रू को यह जानकारी मिली थी कि एक यात्री ने कथित तौर पर विमान को अपने कब्जे में लेने की धमकी दी थी।
चूंकि विमान को पुशबैक टग से पहले ही अलग किया जा चुका था, इसलिए पायलटों को विमान को सुरक्षित रूप से वापस गेट तक खींचने के लिए ग्राउंड स्टाफ द्वारा टग को फिर से जोड़ने का इंतजार करना पड़ा।
शाम करीब 6:40 बजे मियामी-डेड शेरिफ कार्यालय के हवाई अड्डा जिला अधिकारी गेट पर पहुंचे। एहतियात के तौर पर सभी यात्रियों को विमान से उतार दिया गया ताकि अधिकारी अपनी जांच पूरी कर सकें।
अलासका एयरलाइन्स ने कहा?
जांच पूरी होने के बाद, मियामी-डेड शेरिफ कार्यालय ने स्पष्ट किया कि उन्हें कोई विश्वसनीय खतरा नहीं मिला। अधिकारियों ने बताया कि घटना में शामिल दो यात्रियों को दूसरी फ्लाइट में रीबुक किया गया, जबकि विमान को आगे की उड़ान के लिए मंजूरी दे दी गई। अन्य सभी यात्री बाद में वापस विमान में सवार हुए और फ्लाइट 305 बिना किसी और बाधा के सीएटल के लिए रवाना हो गई।
अलास्का एयरलाइंस ने एक बयान जारी कर इस घटना की पुष्टि की। एयरलाइन ने कहा कि 9 अगस्त को मियामी से सीएटल जाने वाली अलास्का एयरलाइंस की फ्लाइट 305 में दो मेहमान टैक्सी के दौरान उपद्रव कर रहे थे।
विमान वापस गेट पर लौट आया, जहां कानून प्रवर्तन अधिकारी पहुंचे और उन यात्रियों को उतार दिया गया। साथ ही, उन्हें हमारी एयरलाइन में उड़ान भरने से अस्थायी रूप से प्रतिबंधित कर दिया गया है।
फ्लाइट रडार 24 के आंकड़ों के अनुसार, इस घटना की वजह से उड़ान को कम से कम रात 8:48 बजे तक के लिए टालना पड़ा। एयरलाइन ने स्थिति को बेहद पेशेवर तरीके से संभालने के लिए अपने कर्मचारियों का धन्यवाद किया और इस देरी के लिए यात्रियों से माफी मांगी।