वार्षिक अमरनाथ यात्रा ने बुधवार को नया कीर्तिमान रच दिया। भगवती नगर यात्री निवास जम्मू से एक ही दिन में रिकॉर्ड 9,837 श्रद्धालुओं का जत्था पवित्र गुफा के दर्शन के लिए रवाना हुआ। यह इस साल की अब तक की सबसे बड़ी एकल-दिवसीय रवानगी है।
अधिकारियों ने बताया कि सातवां जत्था कुल 361 वाहनों के काफिले में रवाना हुआ। इसमें से 5,337 श्रद्धालु 188 वाहनों से पारंपरिक पहलगाम मार्ग के लिए, जबकि 4,500 श्रद्धालु 173 वाहनों से छोटे बालटाल मार्ग के लिए निकले।
भोर से ही भगवती नगर यात्री निवास में भारी भीड़ देखी गई। देश के कोने-कोने से आए श्रद्धालु बाबा बर्फानी के जयकारे लगाते हुए आधार शिविरों की ओर बढ़े। इस रिकॉर्ड जत्थे में आस्था का हर रंग दिखा। कुल 9,837 श्रद्धालुओं में 6684 पुरुष, 2730 महिलाएं, 21 बच्चे, 320 साधु, 80 साध्वियां, 2 किन्नर श्रद्धालु शामिल रहे।
पवित्र अमरनाथ यात्रा बहु-स्तरीय सुरक्षा घेरे में संचालित हो रही है। प्रशासन, पुलिस, CAPF, स्वास्थ्य विभाग समेत सभी एजेंसियां 24 घंटे तैनात हैं। 57 दिनों तक चलने वाली यह पवित्र यात्रा 3 जुलाई को शुरू हुई थी और रक्षाबंधन के पावन पर्व 28 अगस्त को संपन्न होगी।
अब तक 1.21 लाख श्रद्धालुओं ने किए दर्शन
उत्साह और जोश के बीच, आज सातवें दिन दोपहर तक एक लाख इक्कीस हज़ार से ज़्यादा यात्रियों ने पवित्र गुफा मंदिर में दर्शन किए। भारी भीड़ को देखते हुए जम्मू-कश्मीर प्रशासन ने बिना रजिस्ट्रेशन वाले श्रद्धालुओं को सलाह दी है कि वे अपनी यात्रा कुछ दिनों के लिए टाल दें क्योंकि 9 जुलाई तक सभी रजिस्ट्रेशन स्लॉट पूरी तरह से बुक हो चुके हैं।
अधिकारियों ने बताया कि केवल रजिस्टर्ड तीर्थयात्रियों को ही कश्मीर की ओर जाने की अनुमति दी जाएगी। जिनके पास वैध रजिस्ट्रेशन नहीं होगा उन्हें तय चेकपॉइंट्स पर तब तक रोका जाएगा जब तक कि नया कोटा उपलब्ध न हो जाए।