भीषण गर्मी का असर जंगलों तक, विदर्भ में प्यास से बेहाल बंदर ने बस रोककर यात्रियों से मांगा पानी…

महाराष्ट्र में इन दिनों भीषण गर्मी पड़ रही है और इस गर्मी और पानी की कमी ने जंगली जानवरों को बेबस कर दिया है।

विदर्भ क्षेत्र के खंडाला घाट में एक प्यासे बंदर ने एमएसआरटीसी बस को रोककर पानी मांगा। यात्री पानी पिलाने लगे तो जंगल से और भी बंदर आ पहुंचे। इस दर्दनाक दृश्य का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

वाशिम से पुसद जा रही महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम की बस खंडाला घाट के जंगली इलाके में पहुंची थी। अचानक एक बंदर सड़क पर दौड़कर बस के सामने आ खड़ा हो गया। ड्राइवर ने बस रोकी, लेकिन बंदर हटने को तैयार नहीं था।

यात्री पहले उसे हटाने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन जब उन्होंने देखा कि जानवर बेहद थका हुआ और प्यासा है, तो कुछ यात्रियों ने अपनी पानी की बोतलें निकालकर उसे पिलाई। बंदर पानी पीने लगा।

कुछ ही देर में जंगल से और कई बंदर निकलकर बस के आसपास जमा हो गए। यात्री भावुक हो गए और उन्होंने अपनी बोतलों से बंदरों को पानी पिलाया।

वीडियो में बंदरों को पानी के लिए बेताबी से छटपटाते देखा जा सकता है। यात्री लता श्रीवास ने इस घटना का वीडियो रिकॉर्ड किया, जो अब वायरल हो चुका है।

सोशल मीडिया यूजर्स ने इस घटना को बेहद दिल दहलाने वाला बताया। एक यूजर ने लिखा कि महाराष्ट्र की गर्मी इस साल बहुत भयानक है।

इंसान तो किसी तरह गुजर रहे हैं, लेकिन जानवरों को इस हाल में देखकर बहुत दुख होता है। कई लोगों ने वन विभाग पर सवाल उठाए कि गर्मियों में जंगलों में पर्याप्त पानी की व्यवस्था क्यों नहीं की जाती।

विदर्भ क्षेत्र में पिछले कई दिनों से तापमान बहुत ज्यादा है। सूखे वाले इस इलाके में जंगली जानवरों को पानी न मिलने के कारण सड़कों पर निकलना पड़ रहा है। वन विभाग आमतौर पर गर्मियों में कृत्रिम जलाशय और पानी के टैंकर लगाता है, लेकिन स्थानीय लोग कहते हैं कि कहीं-कहीं यह व्यवस्था पर्याप्त नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *