देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इसी माह करेंगे। तैयारियां प्रारंभ हो चुकी हैं। जींद-सोनीपत ट्रैक पर चलने वाली हाइड्रोजन ट्रेन के साथ अमृत भारत योजना के तहत बने जींद जंक्शन भवन का भी उद्घाटन संभव है।
उत्तर रेलवे के दिल्ली मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) पुष्पेश रमन त्रिपाठी ने शुक्रवार को रेलवे स्टेशन भवन और हाइड्रोजन प्लांट का निरीक्षण किया। उन्होंने एडीसी प्रदीप कुमार के साथ एकलव्य स्टेडियम का दौरा किया, जहां संभावित उद्घाटन समारोह स्थल और हेलीपैड होगा।
हालांकि, प्रधानमंत्री के दौरे और उद्घाटन कार्यक्रम को लेकर रेलवे और जिला प्रशासन के पास आधिकारिक पत्र नहीं आया है। रेलवे अधिकारियों के बीच चर्चा है, उद्घाटन 12 या 17 जुलाई को हो सकता है।
डीआरएम ने बताया कि हाइड्रोजन ट्रेन का ट्रायल काफी एडवांस स्टेज पर है। स्पीड ट्रायल सोनीपत से जींद सेक्शन में हो चुका है, अन्य सेक्शन में ट्रायल जारी है।
उद्घाटन की तारीख तय नहीं हुई है, लेकिन निरीक्षण का कार्य जारी है। पत्रकारों से बात करते हुए डीआरएम ने हाइड्रोजन प्लांट में तकनीकी खराबी के सवाल पर कहा कि यह बड़ा प्रोजेक्ट है और भारत में पहली बार हाइड्रोजन ट्रेन का संचालन किया जा रहा है।
विश्व में भी गिने-चुने देशों में ही हाइड्रोजन ट्रेन चल रही हैं। यह एक महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट है, जिसमें शून्य कार्बन उत्सर्जन होगा। अमृत भारत योजना के तहत जींद जंक्शन की बिल्डिंग अच्छी तरह से तैयार है और हाइड्रोजन फिलिंग के लिए प्लांट भी प्रभावी तरीके से स्थापित किया है।