Sahibganj Urology Conference: दो दिवसीय यूरोलाजी सुपर स्पेशियलिटी कांफ्रेंस शुक्रवार को शोभनपुर भट्ठा स्थित सूर्या नर्सिंग एजुकेशन कालेज में शुरू हुआ। इसका शुभारंभ मुख्य अतिथि कोलकाता के प्रसिद्ध सीनियर यूरोलाजिस्ट और रीनल ट्रांसप्लांट सर्जन डा. पीके मिश्रा, विशिष्ट अतिथि ईस्ट जोन यूरोलाजिकल सोसाइटी के अध्यक्ष डा. रंजन डे, डा. एमके सेनापति, डा. रोहन बत्रा, आयोजन समिति के अध्यक्ष डा. विजय कुमार, सचिव डा. सुमित कुमार आदि ने दीप जलाकर किया।
इसमें देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे दर्जनभर से अधिक यूरोलाजी विशेषज्ञ भाग ले रहे हैं। इस दौरान विशेषज्ञ चिकित्सकों ने यूरोलाजी से जुड़ी आधुनिक चिकित्सा पद्धतियों, नई तकनीकों, जटिल आपरेशन, शोध एवं उपचार के अनुभवों को एक-दूसरे के साथ साझा किया।
वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान समय में किडनी, मूत्राशय, प्रोस्टेट एवं मूत्र मार्ग से संबंधित बीमारियों के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। ऐसे में समय पर जांच, सही उपचार और जन- जागरूकता अत्यंत आवश्यक है। विशेषज्ञों ने बताया कि बदलती जीवनशैली, अनियमित खानपान और पर्याप्त पानी नहीं पीने जैसी आदतों के कारण यूरोलाजी संबंधी रोग तेजी से बढ़ रहे हैं।
उन्होंने लोगों से शुरुआती लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करने तथा समय पर विशेषज्ञ चिकित्सक से परामर्श लेने की अपील की। आयोजकों ने बताया कि इस दो दिवसीय सम्मेलन का उद्देश्य चिकित्सकों के बीच ज्ञान एवं अनुभवों का आदान-प्रदान करना, नवीनतम चिकित्सा तकनीकों की जानकारी देना तथा मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में समन्वय स्थापित करना है।
सम्मेलन में कई वैज्ञानिक सत्र, विशेषज्ञ व्याख्यान और विचार-विमर्श आयोजित किए जाएंगे। इनमें बड़ी संख्या में चिकित्सक एवं मेडिकल छात्र शामिल हो रहे हैं।