न्यूयॉर्क की बैठक में बढ़ा तनाव, इजरायली राजदूत और यूएन अधिकारी के बीच तीखी नोकझोंक…

संयुक्त राष्ट्र में शुक्रवार को सार्वजनिक सुनवाई के दौरान कूटनीतिक मर्यादाएं तब तार-तार हो गईं, जब इजरायल के राजदूत और बच्चों एवं सशस्त्र संघर्ष के लिए संयुक्त राष्ट्र महासचिव की विशेष प्रतिनिधि के बीच तीखी बहस और नोकझोंक देखने को मिली।

संघर्ष में यौन हिंसा उन्मूलन के अंतर्राष्ट्रीय दिवस के अवसर पर न्यूयॉर्क में आयोजित एक बैठक में इजरायली दूत डैनी डैनन ने संयुक्त राष्ट्र की अधिकारी प्रमिला पैटन के इस्तीफे की मांग की।

प्रमिला पैटन ने हाल ही में एक रिपोर्ट तैयार की थी, जिसमें कथित दुर्व्यवहार के लिए पहली बार इजरायल को ब्लैकलिस्ट किया गया था। डैनन ने पैटन पर कड़ा प्रहार करते हुए उन पर पक्षपात करने का आरोप लगाया।

डैनन ने संयुक्त राष्ट्र प्रमुख एंटोनियो गुटेरेस का जिक्र करते हुए कहा कि आप इजरायल को निशाना बनाने के महासचिव के जुनून के आगे झुक गईं।

वैनेसा फ्रेजियर का हस्तक्षेप पर डैनन का पलटवार

डैनन के इस बयान के बीच एक अन्य संयुक्त राष्ट्र अधिकारी वैनेसा फ्रेजियर ने जोर से पॉइंट ऑफ ऑर्डर चिल्लाते हुए हस्तक्षेप किया। वैनेसा, गुटेरेस की बच्चों और सशस्त्र संघर्ष के लिए प्रतिनिधि हैं और उन्होंने एक अलग रिपोर्ट तैयार की है जिसमें भी इजरायल को ब्लैकलिस्ट किया गया है। उन्होंने डैनन से व्यक्तिगत हमलों से बचने की मांग की और स्पष्ट किया कि उनके पास सत्यापित सबूत मौजूद हैं।

इस पर पलटवार करते हुए डैनी डैनन ने फ्रेजियर को चुप रहने को कहा। उन्होंने कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “हम एक सदस्य देश हैं, और आप यू.एन. के लिए काम करती हैं, और अब आप चुप रहेंगी। आप चुप रहें… आप और आपकी यह शर्मनाक रिपोर्ट।”

इजरायल और हमास दोनों ब्लैकलिस्ट

माल्टा की पूर्व यूएन राजदूत रहीं वैनेसा फ्रेजियर ने इस हफ्ते गुटेरेस की ओर से अपनी रिपोर्ट जारी की थी। इस रिपोर्ट में चेतावनी दी गई है कि बच्चों के खिलाफ उल्लंघनों के लिए इजरायली सेटलर्स को भी ग्लोबल ब्लैकलिस्ट में शामिल किया जा सकता है। इसके साथ ही यूएन प्रमुख ने फिलिस्तीनी बच्चों के खिलाफ उल्लंघनों में चौंकाने वाली वृद्धि पर भी गहरी चिंता व्यक्त की है।

कथित उल्लंघनों के लिए इजरायल खुद पहले से ही उस रिपोर्ट की शर्म की सूची वाले अनुलग्नक में शामिल है। हालांकि, इन दोनों ही रिपोर्टों में इजरायल के कट्टर दुश्मन हमास को भी ब्लैकलिस्ट किया गया है।

गुटेरेस से सभी संबंध तोड़ने की चेतावनी

पिछले महीने जब प्रमिला पैटन की रिपोर्ट जारी हुई थी, तब डैनन ने इसे एक नया निचला स्तर करार दिया था। इसके बाद इजरायल के विदेश मंत्रालय ने यूएन प्रमुख एंटोनियो गुटेरेस के साथ सभी संबंध तोड़ने की कसम खाई थी। बता दें कि गुटेरेस अपना 10 साल का कार्यकाल पूरा करने के बाद इस साल के अंत में अपना पद छोड़ रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *