सुशासन तिहार में ग्रामीणों को अधिक से अधिक लाभ पहुंचाने के निर्देश
जिले में कलेक्टर श्री अमित कुमार ने मंगलवार को आयोजित समय-सीमा की बैठक में राज्य एवं केंद्र सरकार की महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजनाओं की विभागवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में जिम्मेदारीपूर्वक पूर्ण किए जाएं। बैठक में उन्होंने स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स एवं जगरगुंडा क्षेत्र में निर्माणाधीन विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी लेकर गुणवत्ता और गति बनाए रखने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जनहित के कार्य सर्वाेच्च प्राथमिकता पर रहेंगे।
कलेक्टर श्री कुमार ने स्वास्थ्य विभाग को ‘स्वस्थ बस्तर अभियान’ के तहत हितग्राहियों की स्क्रीनिंग प्रक्रिया में तेजी लाने तथा मोतियाबिंद ऑपरेशन की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए। साथ ही बैठक में स्वास्थ्य, राजस्व, खाद्य, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, महिला एवं बाल विकास, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, शिक्षा, समाज कल्याण, कृषि, वन विभाग सहित अन्य विभागों की योजनाओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि जिन विभागों की प्रगति लक्ष्य से पीछे है, वे तुरंत कार्यों में तेजी लाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि शासन की योजनाओं का लाभ पात्र नागरिकों तक समय पर पहुंचना प्रशासन की सर्वाेच्च जिम्मेदारी है।
बैठक में कलेक्टर ने सुशासन तिहार एवं बस्तर मुन्ने योजना अंतर्गत जाति, निवास सहित अन्य प्रमाण पत्रों की उपलब्धता, एग्रीस्टेक पंजीयन, मनरेगा रोजगार, आधार अपडेट, आयुष्मान कार्ड, वय वंदन कार्ड, महतारी वंदन योजना में ई-केवाईसी तथा प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना की प्रगति की भी विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि दूरस्थ अंचलों में रहने वाले पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ प्राथमिकता से पहुंचाया जाए तथा मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार सुशासन तिहार के दौरान प्राप्त आवेदनों का त्वरित एवं प्रभावी निराकरण सुनिश्चित किया जाए। बैठक में प्रशासनिक सक्रियता और जवाबदेही का स्पष्ट संदेश देते हुए कलेक्टर ने कहा कि जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना शासन की प्रतिबद्धता है। इस अवसर पर जिला सीईओ श्री मुकुन्द ठाकुर सहित जिलाधिकारी उपस्थित थे।