सुकमा : सुकमा में प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण पर मंथन…

जिला स्तरीय रिस्टोरेशन डायलॉग में जुटे विभिन्न हितधारक

जिला मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट के मीटिंग हॉल में 15 जून 2026 को जिला स्तरीय रिस्टोरेशन डायलॉग का आयोजन किया गया, जिसमें भूमि, जल, वन एवं पशुधन से जुड़े मुद्दों पर व्यापक चर्चा हुई।

कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए सिविल सोसायटी संगठनों के प्रतिनिधि, किसान, सरपंच, सामुदायिक नेतृत्वकर्ता, स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं, कृषि एवं ग्रामीण विकास क्षेत्र के कार्यकर्ता तथा वैज्ञानिकों ने सहभागिता कर प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और सतत विकास के लिए अपने विचार साझा किए।

     संवाद के दौरान जल संरक्षण, भूमि की उत्पादकता बढ़ाने, वनों पर आधारित आजीविका को मजबूत करने, पशुधन विकास तथा समुदाय आधारित संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गहन विचार-विमर्श हुआ।

जल संसाधन विभाग के कार्यपालन अभियंता शांतनु सुकुमार और कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों ने तकनीकी सुझाव प्रस्तुत किए, वहीं विभिन्न क्षेत्रों से आए प्रतिभागियों ने जमीनी चुनौतियों और उनके व्यावहारिक समाधान पर महत्वपूर्ण सुझाव रखे। कार्यक्रम के संचालन और तकनीकी मार्गदर्शन में ट्रांसफार्मिंग रूरल इंडिया (TRI) की टीम ने अहम भूमिका निभाई।

   पीपीआईए फेलो अर्कजा कुठियाला और सौरभ यादव द्वारा आयोजित इस संवाद का उद्देश्य जिले में जलवायु अनुकूल विकास, प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और सामुदायिक आजीविका को सशक्त बनाने के लिए साझा मंच तैयार करना था। प्रतिभागियों ने ऐसे संवादों को नियमित रूप से आयोजित करने की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि इससे समुदायों, शासकीय विभागों और नागरिक समाज संगठनों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होगा तथा जिले के समग्र और टिकाऊ विकास को नई दिशा मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *