त्योहारों से पहले चीनी की कीमतों पर लगेगी लगाम, सरकार ने 10 लाख टन शुल्क-मुक्त आयात को दी मंजूरी…

केंद्र सरकार ने गुरुवार को टैरिक रेट कोटा के तहत 10 लाख टन चीनी के शुल्क मुक्त आयात को मंजूरी दे दी। त्योहारों से पहले चीनी की कीमतों को कम करने के लिए सरकार ने यह कदम उठाया है।

आपूर्ति में कमी के कारण पिछले दो महीनों में चीनी की कीमत लगभग 40 प्रतिशत बढ़ गई हैं। इसी कारण दुनिया के सबसे बड़े चीनी उपभोक्ता देश को लगभग एक दशक में पहली बार चीनी आयात करनी पड़ रही है।

10 लाख टन बिना शुल्क चीनी आयात की इजाजत

विदेश व्यापार महानिदेशालय ने कहा कि कच्ची चीनी के लिए आयात नीति में बदलाव किया गया है ताकि टैरिफ रेट कोटा के तहत 31 अक्टूबर, 2026 तक 10 लाख टन बिना शुल्क आयात की इजाजत दी जा सके। यह आदेश चीनी की कीमतों में तेजी से हुई बढ़ोतरी के बीच आया है।

2026-27 सीजन से पहले शुरुआती स्टॉक कम होने के कारण मिल से निकलने वाली चीनी की कीमतें (एक्स-मिल रेट) रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई हैं।

एक उद्योग संगठन के अनुसार, मंगलवार को पूरे देश में औसत एक्स-मिल कीमत बढ़कर 5,400-5,500 रुपये प्रति क्विंटल हो गई, जो एक साल पहले 3,900 रुपये थी।

उपभोक्ता मामलों के मंत्रालय के अनुसार, 18 अगस्त तक चीनी की खुदरा कीमतें सालाना लगभग 13 प्रतिशत बढ़कर 52.30 रुपये प्रति किलोग्राम हो गईं, जो एक साल पहले 46.34 रुपये थीं।

आमतौर पर अगस्त और नवंबर के बीच चीनी की मांग बढ़ जाती है, क्योंकि इस दौरान देश में गणेश चतुर्थी, दशहरा और दिवाली जैसे बड़े त्योहार मनाए जाते हैं।

कीमतों को नियंत्रित करने के लिए, सरकार ने महीने में 10 टन से ज्यादा चीनी का इस्तेमाल करने वाले बड़े उपभोक्ताओं के स्टॉक की सीमा भी तय की है। उनके लिए स्टाक की सीमा 15 दिन की खपत के बराबर तय की गई है। यह आदेश 1 सितंबर से लागू होगा और 30 नवंबर तक प्रभावी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *