बेंगलुरु में हाल ही में गड्डे की वजह से एक महिला बाइक से गिर गई थी जिसकी ट्रक के चपेट में आने से मौत हो गई थी, वहीं, बेंगलुरु के गुंजुर इलाके में एक बाइक सवार बाल-बाल बच गया। बारिश के पानी से भरे गड्ढे में बाइक गिरने के बाद पीछे से आ रहे टैंकर ने उसकी मोटरसाइकिल को कुचल दिया। सवार खुद समय रहते बच निकला।
घटना में शामिल सवार का नाम सौरभ है, जो वॉलमार्ट में काम करते हैं। वह जलभराव वाली सड़क से गुजर रहे थे जब उनकी बाइक अचानक गड्ढे में गिर गई। नियंत्रण खोने के बाद पीछे से आ रहे टैंकर ने बाइक को रौंद दिया। सौरभ ने बाइक छोड़ दी और किनारे हट गए, जिससे वे खुद बच गए।
टैंकर चालक पहले घटनास्थल से भागने लगा, लेकिन कुछ दूरी पर रुक गया। गवाहों ने जब उससे लाइसेंस मांगा तो उसने बताया कि उसके पास लाइसेंस नहीं है और वह हाल ही में ड्राइविंग सीख रहा है। टैंकर में नंबर प्लेट भी नहीं थी। पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है।
घटना की वीडियो रिकॉर्ड करने वाले यात्री विद्यासागर ने बताया कि वे इस सड़क से हफ्ते में करीब चार दिन गुजरते हैं। पिछले 6-8 महीनों में सड़क की हालत बहुत खराब हो गई है। उन्होंने सोशल मीडिया और ईमेल के जरिए मुख्यमंत्री और स्थानीय विधायक सहित अधिकारियों से कई बार शिकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
विद्यासागर ने कहा कि आज जलभराव बहुत ज्यादा था। मैंने वीडियो बनाकर अधिकारियों तक पहुंचाने का सोचा ताकि गड्ढे भरे जाएं।