सुकमा : सुशासन तिहार 2026 : छिंदगढ़ में क्लस्टर स्तरीय शिविर का सफल आयोजन…

21 गांव के हितग्राहियों की समस्याओं का मौके पर निराकरण

जिले के ग्राम पंचायत छिंदगढ़ में सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत क्लस्टर स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें 21 ग्रामों के ग्रामीणजन एवं हितग्राही बड़ी संख्या में शामिल हुए।

शिविर का निरीक्षण कलेक्टर श्री अमित कुमार एवं जिला पंचायत सीईओ श्री मुकुन्द ठाकुर द्वारा किया गया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का अवलोकन कर अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त आवेदनों का विभागीय समन्वय के साथ त्वरित निराकरण करते हुए हितग्राहियों को समयबद्ध जानकारी प्रदान की जाए।

    कार्यक्रम में उपस्थित जिला पंचायत सदस्य श्री हुंगा राम मरकाम द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत पूर्ण आवास हितग्राहियों को सांकेतिक चाबी वितरण कर उन्हें प्रोत्साहित किया गया। हितग्राहियों ने शासन और प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अब योजनाएं वास्तव में गांव तक पहुंच रही हैं।

सुशासन तिहार के माध्यम से जिला प्रशासन का उद्देश्य जिले के प्रत्येक गांव में शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए नागरिकों को त्वरित राहत और सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

    शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई तथा मौके पर ही समस्याओं और मांगों का समाधान किया गया। यहां नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, आय-जाति-निवास प्रमाण पत्र, राशन कार्ड, जॉब कार्ड एवं जन्म-मृत्यु-विवाह पंजीकरण जैसे कार्यों का त्वरित निष्पादन किया गया।

साथ ही विभिन्न विभागों द्वारा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने की प्रक्रिया भी तेजी से पूरी की गई, जिससे ग्रामीणों को सीधे लाभ मिला और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर विश्वास और मजबूत हुआ। इस अवसर पर एसडीएम छिंदगढ़ श्री पीवी खेस सहित गणमान्य नागरिक, जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *