ब्राजील के दक्षिण-पूर्वी क्षेत्र में स्थित बेलो होरिजोंटे शहर में सोमवार को पांच लोगों को ले जा रहा एक छोटा विमान एक इमारत से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
जानकारी के अनुसार, इस घटना में तीन लोगों की मौत हो गई। स्थानीय अधिकारियों और दमकलकर्मियों ने बताया कि इस दुर्घटना में विमान के पायलट और सह-पायलट की मौत हो गई।
विमान के अंदर मौजूद थे 5 लोग
जबकि तीन यात्रियों को गंभीर हालत में बचाकर अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, शुरू में यह बताया गया था कि विमान में चार ही लोग सवार थे।
वहीं, कुछ घंटों बाद मिनास गेराइस राज्य सरकार ने बताया कि यात्रियों में से एक की अस्पताल में मौत हो गई, और साथ ही यह भी बताया कि अन्य दो यात्री अभी भी अस्पताल में भर्ती हैं और उनकी हालत स्थिर है।
इसके अलावा दमकल विभाग ने बताया कि, इस घटना में न तो कोई स्थानीय निवासी घायल हुआ और न ही इमारत को कोई नुकसान पहुंचा है।
दमकल विभाग के अनुसार, यह विमान दोपहर की शुरुआत में बेलो होरिजोंटे के केंद्र से लगभग 8 किलोमीटर (5 मील) दूर स्थित पम्पुलहा हवाई अड्डे से साओ पाउलो के लिए रवाना हुआ था। इसके कुछ ही मिनटों बाद यह विमान तीन-मंजिला आवासीय इमारत से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया।