CBI ने अपने ही DSP और उनकी पत्नी के खिलाफ दर्ज किया मामला, जानें क्या है पूरा केस…

सीबीआई ने अपने ही पुलिस उप अधीक्षक (डीएसपी) के खिलाफ आय के ज्ञात स्त्रोत से अधिक संपत्ति अर्जित का एक नया केस दर्ज किया है।

डीएसपी के खिलाफ बैंकिंग, सिक्योरिटीज और फ्रॉड ब्रांच (बीएसएफबी) में पोस्टिंग के दौरान रिश्वतखोरी के एक मामले में पहले से ही जांच चल रही है। बीएसएफबी ही बड़े बैंक धोखाधड़ी केसों की जांच करती है। इसी शाखा ने नीरव मोदी और मेहुल चोकसी जैसे हाई प्रोफाइल मामलों की जांच की है।

क्या है मामला?

जांच एजेंसी के अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि सीबीआई ने डीएसपी बृजमोहन मीणा और उनकी पत्नी सुनीता के खिलाफ 2021-24 के दौरान 98.33 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति अर्जित करने का मामला दर्ज किया है, जो उनकी ज्ञात आय के स्त्रोतों से 87 प्रतिशत अधिक है।

मीणा ने सितंबर 2021 में डीएसपी के रूप में मुंबई स्थित बीएसएफबी शाखा में पदभार संभाला था और दिसंबर 2024 के आखिर तक वहां तैनात रहे। इसी दौरान आय से अधिक यह संपत्ति जुटाई गई।

भ्रष्टाचार के मामले में नपे डीएसपी और उनकी पत्नी

उन्होंने बताया कि अधिकारी और उनकी पत्नी ने इस संपत्ति के बारे में जांच एजेंसी को संतोषजनक स्पष्टीकरण नहीं दिया, जिसके बाद उनके खिलाफ भ्रष्टाचार रोकथाम अधिनियम के प्रविधानों के तहत मामला दर्ज किया गया।

अधिकारियों ने बताया कि डीएसपी पहले से ही 2024 के एक मामले में जांच का सामना कर रहे थे, जिसमें उन पर जांच से गुजर रही कंपनियों और व्यक्तियों से कथित तौर पर पांच करोड़ रुपये की रिश्वत लेने का आरोप था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *