पुणे दुष्कर्म केस: दम घुटने से बच्ची की मौत, 65 वर्षीय आरोपी ने मुंह में ठूंसा था कपड़ा…

पुणे में पिछले सप्ताह चार वर्षीय जिस लड़की की दुष्कर्म के बाद हत्या कर दी गई थी, उसकी पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने दम घुटने से उसकी मौत होने का संकेत दिया है।

पुलिस ने बताया कि 65 वर्षीय एक आरोपित ने पीड़िता के मुंह में कपड़ा ठूंस दिया था। इससे दम घुटने से उसकी मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार, मजदूरी करने वाले आरोपित का आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ 1998 और 2015 में छेड़छाड़ के आरोप में मामला दर्ज किया गया था, लेकिन बाद में वह दोनों मामलों में बरी हो गया था।

क्या है मामला?

पुणे जिले में भोर तहसील के नरसपुर में एक मई को आरोपित ने लड़की का यौन उत्पीड़न किया था और उसे मार डाला था। इस घटना से बड़े पैमाने पर आक्रोश फैल गया। लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया।

पुलिस के अनुसार, आरोपित बच्ची को खाने का लालच देकर बहला-फुसलाकर मवेशी बाड़े में ले गया, जहां उसने उसका यौन उत्पीड़न किया और बाद में उसकी हत्या कर दी। बाद में आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया।

मामले को लेकर जमकर हुआ बवाल

इस मामले को लेकर लोगों ने प्रदर्शन करते हुए मुंबई-बेंगलुरु राजमार्ग भी जाम कर दिया। इस मामले की जांच के लिए एक विशेष जांच दल (एसआइटी) का गठन किया गया है।

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने रविवार को आश्वासन दिया कि सरकार आरोपित को मौत की सजा दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास करेगी। आरोपित के परिवार ने भी उसे कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *