बेमेतरा : सुशासन तिहार 2026: जनसमस्या निवारण शिविर ग्राम नारायणपुर में श्री किसनलाल दिवाकर को मिला श्रम कार्ड…

शासन की पहल से श्रमिक को मिला सामाजिक सुरक्षा का संबल, जताई खुशी

प्रदेश शासन द्वारा आयोजित सुशासन तिहार 2026 आमजन की समस्याओं के त्वरित निराकरण एवं शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने की दिशा में प्रभावी पहल साबित हो रहा है। जिलेभर में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविरों में ग्रामीणों को विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित किया जा रहा है।

इसी क्रम में आयोजित विकासखंड नवागढ़ के ग्राम नारायणपुर के समाधान शिविर में श्रमिक श्री किसनलाल दिवाकर को श्रम कार्ड प्रदान किया गया, जिससे उनके चेहरे पर खुशी साफ झलकने लगी।श्रम कार्ड प्राप्त करने के बाद श्री किसनलाल दिवाकर ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय एवं राज्य शासन का आभार जताया।

उन्होंने कहा कि लंबे समय से श्रम कार्ड बनवाने की इच्छा थी, लेकिन जानकारी एवं प्रक्रिया के अभाव में यह कार्य नहीं हो पा रहा था। सुशासन तिहार के माध्यम से उनकी समस्या का समाधान हुआ और उन्हें श्रम विभाग की योजनाओं से जुड़ने का अवसर मिला।

उन्होंने बताया कि श्रम कार्ड मिलने से अब उन्हें शासन द्वारा श्रमिकों के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं का लाभ प्राप्त हो सकेगा। इसके माध्यम से श्रमिक परिवारों को सामाजिक सुरक्षा, स्वास्थ्य सहायता, मातृत्व लाभ, शिक्षा सहायता एवं अन्य कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि शासन की यह पहल श्रमिक वर्ग के लिए बड़ी राहत और सुरक्षा का माध्यम है।

शिविर में उपस्थित अधिकारियों ने श्रमिकों को श्रम विभाग की योजनाओं की जानकारी देते हुए अधिक से अधिक पंजीयन कराने के लिए प्रेरित किया। अधिकारियों ने बताया कि राज्य शासन असंगठित श्रमिकों को सामाजिक एवं आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से विभिन्न योजनाओं का संचालन कर रहा है, ताकि श्रमिक परिवारों का जीवन स्तर बेहतर हो सके।

ग्रामीणों ने कहा कि पहले छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए कार्यालयों के कई चक्कर लगाने पड़ते थे, लेकिन अब शासन स्वयं गांव-गांव पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुन रहा है और उनका त्वरित निराकरण कर रहा है। सुशासन तिहार के माध्यम से आमजन को योजनाओं का लाभ सरलता और पारदर्शिता के साथ मिल रहा है, जिससे लोगों में शासन एवं प्रशासन के प्रति विश्वास और मजबूत हुआ है।

सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत जिले में लगातार समाधान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, जहां आमजन की समस्याओं का मौके पर ही निराकरण किया जा रहा है तथा पात्र हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित किया जा रहा है। शासन की इस पहल से ग्रामीण क्षेत्रों में उत्साह और संतोष का वातावरण देखने को मिल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *