बेमेतरा : अवैध खनिज उत्खनन एवं परिवहन पर प्रशासन की सख्त कार्रवाई…

रेत से भरे 02 वाहन एवं मुरुम उत्खनन में संलिप्त 01 जेसीबी जप्त, 57 हजार रुपये अर्थदंड की कार्रवाई

कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं के निर्देशानुसार जिले में अवैध खनिज उत्खनन एवं परिवहन पर लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है।

इसी क्रम में कार्यालय कलेक्टर (खनिज शाखा) द्वारा 09 मई 2026 से 11 मई 2026 तक विभिन्न स्थानों पर निरीक्षण एवं जांच अभियान चलाया गया। खनिज विभाग की टीम द्वारा ग्राम कड़रका एवं चन्दनू क्षेत्र में अवैध रूप से रेत परिवहन करते पाए जाने पर 02 वाहनों को जप्त किया गया। वहीं ग्राम बिरनपुर में अवैध मुरुम उत्खनन करते पाए जाने पर 01 जेसीबी वाहन को भी जप्त कर कार्रवाई की गई।

जप्त वाहनों के विरुद्ध खान और खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 की धारा 21 से 23-ख के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। अवैध रेत परिवहन के 02 प्रकरणों में कुल 57 हजार रुपये अर्थदंड की कार्रवाई की जाएगी। वहीं अवैध मुरुम उत्खनन से संबंधित प्रकरण में नियमानुसार आगे की कार्रवाई प्रक्रियाधीन है।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनिज उत्खनन एवं परिवहन करने वालों के विरुद्ध आगे भी लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *