महंगाई की मार झेल रहे आम उपभोक्ताओं को एक और झटका लगा है। मदर डेयरी और अमूल के बाद अब मेधा डेयरी ने भी अपने दूध एवं दुग्ध उत्पादों की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है।
कंपनी द्वारा जारी नई दरें शनिवार से प्रभावी होंगी। कीमतों में हुई बढ़ोतरी का सीधा असर घरों के मासिक बजट और रसोई खर्च पर पड़ेगा। मेधा डेयरी ने डबल टोंड, टोंड, काउ मिल्क, शक्ति दूध और फुल क्रीम गोल्ड दूध समेत कई श्रेणियों के दूध के दाम बढ़ाए हैं।
डबल टोंड मिल्क का 1 लीटर पैकेट अब 50 रुपये की जगह 52 रुपये में मिलेगा, जबकि 500 एमएल पैकेट 25 रुपये से बढ़कर 26 रुपये हो गया है। टोंड मिल्क के 1 लीटर पैकेट की कीमत 54 रुपये से बढ़ाकर 56 रुपये कर दी गई है।
वहीं 6 लीटर पैक 312 रुपये से बढ़कर 324 रुपये हो गया है। काउ मिल्क, शक्ति दूध और शक्ति स्पेशल दूध के दामों में भी 1 रुपये से 2 रुपये तक की वृद्धि की गई है। फुल क्रीम गोल्ड दूध के 6 लीटर पैक में सबसे अधिक 18 रुपये की बढ़ोतरी हुई है और इसकी कीमत अब 396 रुपये हो गई है।
पनीर और दही भी हुए महंगे
दूध के साथ-साथ पनीर और दही की कीमतों में भी इजाफा किया गया है। 1 किलो ब्लाक पनीर अब 400 रुपये की जगह 420 रुपये में मिलेगा। 500 ग्राम पनीर 215 रुपये और 200 ग्राम पनीर 90 रुपये में उपलब्ध होगा। दही के दामों में भी बढ़ोतरी की गई है। 200 ग्राम पाउच दही अब 20 रुपये, 400 ग्राम 35 और 1 किलो दही 75 रुपये में मिलेगा।