फ्रांस के स्वास्थ्य अधिकारियों ने रविवार को कहा कि रिकॉर्ड तोड़ने वाली गर्मी की लहर के दौरान उम्मीद से लगभग 1,000 ज्यादा मौतें हुईं। इस हीटवेव ने पिछले कई दिनों से पश्चिमी यूरोप के बड़े हिस्से को झुलसा दिया है।
पब्लिक हेल्थ फ्रांस ने एक बयान में कहा, “24 जून के बाद से पिछले महीनों में दर्ज मौतों की तुलना में लगभग 1,000 अतिरिक्त मौतें देखी गई हैं।” एजेंसी ने कहा कि गर्मी के लिए रेड अलर्ट वाले इलाके सबसे ज्यादा प्रभावित हुए हैं और मरने वालों में 85 प्रतिशत लोग 65 साल या उससे ज्यादा उम्र के थे।
घरों में मरने वालों की संख्या में बढ़ोतरी
एजेंसी के मुताबिक, सबसे ज्यादा बढ़ोतरी घरों में मरने वालों की संख्या में देखी गई। खासकर इले-डी-फ्रांस इलाके में जिसमें पेरिस और उसके आस-पास के इलाके शामिल हैं।
बयान में कहा गया, “यह बात हमें याद दिलाती है कि जो लोग अकेले हैं या बहुत ज्यादा अकेलेपन का सामना कर रहे हैं जिनमें बहुत ज्यादा शहरी इलाकों में रहने वाले लोग भी शामिल हैं उनके प्रति एकजुटता दिखाने और मदद के उपाय करने की जरूरत है।”
रविवार को गर्मी से मिली हल्की राहत
एजेंसी ने जोर देकर कहा कि ये आंकड़े शुरुआती हैं और हो सकता है कि ये असल संख्या से कम हों। कई दिनों तक भीषण गर्मी और कई इलाकों में तापमान के 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर जाने के बाद रविवार को पूरे फ्रांस में गर्मी से कुछ राहत मिली।