रायपुर : राज्य शासन और जिला प्रशासन की संवेदनशील पहल: दिव्यांग एतवारो को घर पहुंचकर मिली व्हीलचेयर, रुकी पेंशन भी होगी बहाल…

समाज कल्याण विभाग ने तत्काल पहुंचाई सहायता, तकनीकी सुधार के बाद नियमित मिलेगा पेंशन का लाभ

राज्य शासन के मार्गदर्शन और जिला प्रशासन सूरजपुर की तत्पर पहल से एक दिव्यांग युवती को न केवल तत्काल सहायता मिली, बल्कि उसकी रुकी हुई पेंशन बहाल करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

ग्राम पंचायत राई (माझापारा) निवासी 60 प्रतिशत दिव्यांग एतवारो की आर्थिक स्थिति और सामाजिक सुरक्षा पेंशन से जुड़ी समस्या की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन एवं समाज कल्याण विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए राहत पहुंचाई।

जिला प्रशासन के निर्देश पर समाज कल्याण विभाग के उपसंचालक श्री आलोक भवाल सहित विभागीय अधिकारियों की टीम एतवारो के घर पहुंची।

अधिकारियों ने परिवार से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना और मौके पर वस्तुस्थिति का अवलोकन किया। जांच में यह तथ्य सामने आया कि बैंक खाता नहीं खुल पाने तथा आधार संबंधी जानकारी अद्यतन नहीं होने के कारण उनकी सामाजिक सुरक्षा पेंशन का भुगतान बाधित हो गया था।

हितग्राही की आवश्यकता को देखते हुए समाज कल्याण विभाग ने तत्काल राहत प्रदान करते हुए एतवारो को उनकी शारीरिक अवस्था के अनुरूप व्हीलचेयर उपलब्ध कराई।

साथ ही अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि नेशनल पेंशन पोर्टल में आवश्यक तकनीकी सुधार शीघ्र कराकर उनकी पेंशन राशि का नियमित भुगतान सुनिश्चित किया जाएगा।

राज्य शासन की जनहितकारी सोच और जिला प्रशासन की संवेदनशील कार्यशैली के चलते मिली इस सहायता से एतवारो और उनके परिजनों को बड़ी राहत मिली है।

परिवार ने राज्य शासन, जिला प्रशासन एवं समाज कल्याण विभाग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समय पर मिली सहायता ने उनके जीवन में नई उम्मीद जगाई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *