रायपुर : ’जामुल शिविर में समस्याओं का त्वरित निराकरण, हितग्राहियों को मिली योजनाओं की सौगात’…

’सुशासन तिहार बना जनसेवा का प्रभावी माध्यम’

प्रदेश में संचालित सुशासन तिहार 2026 आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान और शासन की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम बन रहा है।

ywAAAAAAQABAAACAUwAOw==

इसी कड़ी में दुर्ग जिले के नगर पालिका जामुल के वार्ड क्रमांक 13 स्थित मंगल भवन में मंगलवार को जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में वार्ड क्रमांक 08, 12, 13, 14 एवं 15 के नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए मांग एवं शिकायत संबंधी कुल 81 आवेदन प्रस्तुत किए, जिनमें से 05 शिकायतों का मौके पर ही निराकरण कर आमजन को राहत प्रदान की गई।

शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा नागरिकों को त्वरित सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। परिवहन विभाग ने 55 आवेदकों को तत्काल लर्निंग लाइसेंस बनाकर वितरित किए।

स्वास्थ्य विभाग द्वारा 67 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर निःशुल्क दवाइयों का वितरण किया गया। वहीं 07 हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड बनाए गए तथा 18 लोगों का आधार अपडेशन किया गया।

जनकल्याण की भावना से आयोजित शिविर में दिव्यांगजन को ट्राई साइकिल प्रदान कर उन्हें आत्मनिर्भरता की दिशा में सहयोग दिया गया। खाद्य विभाग द्वारा 06 आवेदकों के राशन कार्ड बनाए गए तथा प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत 03 हितग्राहियों को भवन अनुज्ञा प्रदान की गई।

महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा गर्भवती महिलाओं की गोद भराई रस्म संपन्न कर उन्हें पोषण सामग्री वितरित की गई। सुशासन तिहार के माध्यम से शासन की योजनाओं का लाभ सीधे नागरिकों तक पहुंच रहा है, जिससे आमजन में विश्वास और संतोष का वातावरण निर्मित हो रहा है। शिविर में नगर पालिका अध्यक्ष श्री ईश्वर सिंह ठाकुर, पार्षदगण सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *