रायपुर : प्रधानमंत्री आवास और किसान सम्मान निधि ने बदली तकदीर…

सरकारी योजनाएं जब सही पात्र तक पहुंचती हैं तो उनका असर केवल कागजों तक सीमित नहीं रहता, बल्कि लोगों की जिंदगी बदल देती हैं। सक्ती जिले के ग्राम पतेरापाली कला के किसान कोमल सिंह यादव इसका जीवंत उदाहरण हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) और प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ मिलने के बाद उनके परिवार के जीवन में बड़ा सकारात्मक बदलाव आया है।

कुछ वर्ष पहले तक कोमल सिंह यादव अपने परिवार के साथ एक कच्चे और जर्जर मकान में रहते थे। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत स्वीकृत पक्के आवास ने उनकी वर्षों पुरानी समस्या का समाधान कर दिया। आज उनका परिवार पक्के और सुरक्षित घर में सम्मानपूर्वक जीवन बिता रहा है।
कोमल सिंह यादव के लिए बदलाव की कहानी केवल घर तक सीमित नहीं रही। उन्हें प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का भी नियमित लाभ मिल रहा है। योजना के तहत मिलने वाली राशि सीधे उनके बैंक खाते में पहुंचती है, जिसका उपयोग वे खेती-किसानी की जरूरतों को पूरा करने में करते हैं। उन्नत बीज, खाद और अन्य कृषि सामग्री की खरीद से उनकी खेती की उत्पादकता बढ़ी है और कृषि आय में भी सुधार देखने को मिला है।

कोमल सिंह यादव बताते हैं कि पक्का घर मिलने से जहां परिवार को सुरक्षा और सम्मान मिला है, वहीं किसान सम्मान निधि से खेती को आर्थिक मजबूती मिली है। इससे उनके जीवन में स्थिरता और आर्थिक आत्मनिर्भरता का भाव विकसित हुआ है।

वे कहते हैं कि शासन की योजनाओं का लाभ सीधे पात्र हितग्राहियों तक पहुंचने से ग्रामीण क्षेत्रों में वास्तविक बदलाव दिखाई दे रहा है। कोमल सिंह यादव ने सुरक्षित आवास और खेती के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी तथा मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *