विवादित स्थल हरिहर मंदिर पर जलाभिषेक करने जा रहे करणी सेना के कार्यकर्ताओं को पुलिस ने असमोली के सैंधरी चौराहे पर रोक दिया। इस दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच खींचतान की स्थिति बन गई। पुलिस ने शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था का हवाला देते हुए कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। बाद में पुलिस ने उन्हें गुमसानी के प्राचीन झारखंडी शिव मंदिर में ले जाकर जलाभिषेक कराया।
असमोली क्षेत्र के गुमसानी निवासी करणी सेना के जिलाध्यक्ष रितिक राजपूत कार्यकर्ताओं के साथ गंगाजल लेने बृजघाट गए थे।सोमवार को वह कार्यकर्ताओं के साथ संभल स्थित विवादित स्थल हरिहर मंदिर पर जलाभिषेक करने के लिए जा रहे थे।
जैसे ही करणी वह सैंधरी चौराहे पर पहुंचे, मढ़न चौकी प्रभारी अनुज चौहान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए और उन्हें रोक लिया। कार्यकर्ताओं को रोके जाने के बाद पुलिस ओर उनके बीच खींचतान की स्थिति बन गई।
पुलिस ने सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने की बात कहते हुए कार्यकर्ताओं को सैंधरी के पास हिरासत में ले लिया।कार्यकर्ताओं ने बताया कि सोमवार सुबह से ही संगठन के कई वरिष्ठ पदाधिकारियों और प्रमुख कार्यकर्ताओं को उनके घरों में नजरबंद कर दिया गया था।
इसके बावजूद पुलिस को चकमा देकर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता सैंधरी पहुंच गए। कहा कि विवादित स्थल हरिहर मंदिर पर जलाभिषेक का प्रयास लगातार करते रहेंगे।
इस दौरान हर्ष ठाकुर, प्रशांत ठाकुर, विक्की गौतम, रवि पाल, दीपेंद्र सिंह, प्रियांशु ठाकुर, हिमांशु, अभिषेक वाल्मीकि, अंकुल, विनीत पाल, छोटू, सुमित प्रजापति और सुनील ठाकुर मौजूद रहे।